विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रदूषण से दोपहर में भी जहरीली होती जा रही सोनांचल की हवा, 295 तक पहुंचा AQI

Published: Fri, 13 Nov 2026 04:59 PM (IST)

सोनभद्र में औद्योगिक गतिविधियों के कारण वायु प्रदूषण गंभीर हो गया है, कोयले की धूल और फ्लाई ऐश से हवा ...और पढ़ें

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. सोनभद्र में औद्योगिक प्रदूषण से हवा की गुणवत्ता बिगड़ी।

  2. कोयले की धूल और फ्लाई ऐश बन रहे मुख्य कारण।

  3. दोपहर में भी AQI 295 तक पहुंचा, स्वास्थ्य चिंताएं बढ़ीं।

जागरण संवाददाता, सोनभद्र। ऊर्जांचल में औद्योगिक गतिविधियों के साथ प्रदूषण का दायरा भी बढ़ता जा रहा है। कोयले की धूल के बाद अब फ्लाई ऐश लोगों की सांसों में जहर घोल रही है। हालात ऐसे हैं कि सुबह के बाद दोपहर में भी हवा की गुणवत्ता सुधरने के बजाय बिगड़ रही है।

शुक्रवार को सुबह आठ बजे एक्यूआई 281 दर्ज किया गया, जो दोपहर करीब 12 बजे बढ़कर 295 तक पहुंच गया। ऐसे में सवाल है कि प्रदूषण नियंत्रण के दावों और निगरानी व्यवस्था का जमीन पर कितना असर है? क्या लोगों को जहरीली हवा में सांस लेने के लिए छोड़ दिया गया है?

कोयले के बाद अब राख भी घोल रही हवा में जहर

एनटीपीसी और एनसीएल की परियोजनाओं से जुड़े कोयले और फ्लाई ऐश का परिवहन प्रदूषण की बड़ी वजह बन रहा है। वाहनों से उड़ती धूल और गिरती राख सड़कों से लेकर घरों व दुकानों तक पहुंच रही है। सड़क किनारे बसे लोगों के लिए इससे बचना मुश्किल हो गया है।

दोपहर में भी नहीं सुधर रही हवा की गुणवत्ता

सुबह आठ बजे एक्यूआई 281 से बढ़कर दोपहर में 295 तक पहुंचना स्थिति की गंभीरता बताता है। प्रदूषण का असर केवल सड़कों तक सीमित नहीं, बल्कि लोगों के दैनिक जीवन और स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। श्वास संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ने से स्थानीय लोगों की चिंता गहराने लगी है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित कंपनियां और विभाग जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई के बजाय खानापूर्ति कर रहे हैं। यदि परिवहन के दौरान धूल और राख पर नियंत्रण नहीं है तो निगरानी व्यवस्था आखिर किस काम की है।

नियमित सफाई व पानी का छिड़काव पर सख्ती से काम करने की जरूरत है। जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। -बनारसी कुशवाहा, स्थानीय निवासी।

एनटीपीसी व एनसीएल की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन स्थानीय लोगों को स्वच्छ हवा तक नसीब नहीं हो रही, कार्रवाई करें। -राकेश चौबे, व्यापारी।

सोनभद्र में प्रदूषण बेलगाम हो चुका है। फ्लाई ऐश और कोयले की सड़क मार्ग से ढुलाई के कारण सड़कों पर प्रदूषण फैल रहा है। -पंकज कुमार शुक्ला, स्थानीय निवासी।

क्षेत्र में रहने वाले लोग लगातार धूल और राख के बीच जीवन बिताने को मजबूर हैं। नियमों का सख्ती से पालन कराने की जरूरत अब है। -शिव शंकर त्रिपाठी, व्यापारी।

कुछ ऐसे घट-बढ़ रहा प्रदूषण का स्तर

तिथि एक्यूआई (AQI)
चार नवंबर 256
पांच नवंबर 343
छह नवंबर 353
सात नवंबर 345
आठ नवंबर 349
नौ नवंबर 355
10 नवंबर 341
11 नवंबर 271
12 नवंबर 241
13 नवंबर 295

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।