विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जादू-टोने के शक में बुजुर्ग को उतारा मौत के घाट, दो आरोपित गिरफ्तार; एक फरार

Published: Thu, 12 Mar 2026 10:09 PM (IST)

सिंगरौली के बरगवां थाना क्षेत्र में जादू-टोना के शक में 75 वर्षीय बुजुर्ग जोखन कोल की हत्या कर दी गई। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. जादू-टोना के शक में 75 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या।

  2. सिंगरौली पुलिस ने दो आरोपितों को किया गिरफ्तार।

  3. झाड़-फूंक के बहाने बुलाकर गला घोंटकर मारा।

जागरण संवाददाता, सिंगरौली (सोनभद्र)। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के बरगवां थाना क्षेत्र में जादू-टोना के शक में 75 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने गुरुवार को इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपित अभी फरार है। गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने शव भी बरामद कर लिया है। मृतक की पहचान जोखन उर्फ सूरे कोल (75) निवासी ग्राम उज्जैनी, थाना बरगवां के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार 22 फरवरी को शकुन्तला देवी कोल पत्नी रंगीले कोल, निवासी उज्जैनी ने थाना बरगवां में सूचना दी थी कि उनके ससुर जोखन कोल 19 फरवरी की रात लगभग आठ बजे खाना खाने के बाद घर से बिना बताए निकल गए और वापस नहीं लौटे। इस पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।जांच के दौरान मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देश पर तलाश तेज की गई।

पुलिस को क्या सूचना दी?

इसी बीच 10 मार्च को गांव के अर्जुन कोल ने पुलिस को सूचना दी कि गांव में शराब पीते समय वृजेन्द्र उर्फ बजरंगी यादव, सिपाहीलाल साकेत और अनूप जायसवाल को यह कहते सुना गया कि वे जोखन कोल को छुहिया घाटी ले जाकर उसकी हत्या कर चुके हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर दबिश दी और वृजेन्द्र उर्फ बजरंगी यादव तथा सिपाहीलाल साकेत दोनों निवासी उज्जैनी को उज्जैनी तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। तीसरा आरोपित अनूप जायसवाल अभी फरार है।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उन्हें शक था कि जोखन कोल जादू-टोना करता है और उसी के कारण वृजेन्द्र यादव की तबीयत खराब रहती है। इसी संदेह में तीनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची। 19 फरवरी की रात आरोपितों ने गांव के एक व्यक्ति की बोलेरो से झाड़-फूंक कराने के बहाने बुजुर्ग को घर से बुलाया और सीधी की ओर ले गए।

रास्ते में उसे शराब पिलाकर बेहोश कर दिया और रामपुर नैकिन-बघवार मार्ग से छुहिया घाटी के जंगल में ले जाकर गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को सड़क किनारे पुलिया के नीचे छिपा दिया और मृतक के जूते, मोबाइल व कपड़े जंगल में फेंककर वापस लौट आए। 11 मार्च को पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एफएसएल टीम के साथ छुहिया घाटी से शव बरामद किया।

यह भी पढ़ें- कंटेनर की टक्कर से दो छात्रों की मौत; साइकिल सवार छात्रा की हालत गंभीर; लोगों ने जाम की सड़क

शव काफी सड़-गल जाने के कारण परिजनों ने कपड़ों के आधार पर पहचान की। पुलिस ने मौके से मृतक का जूता और एक नीले रंग की इनर भी बरामद की है। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को गुरुवार को न्यायालय में पेश कर जिला जेल भेज दिया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।