सोनभद्र के रेणुका पार क्षेत्र में मौसमी बीमारी का कहर, एक सप्ताह में तीन की मौत
सोनभद्र के रेणुकापार क्षेत्र में अज्ञात बीमारी से एक सप्ताह में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य बीमार हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच में जुटी है, जहां कुछ मलेरिया के मामले भी मिले हैं।

सोनभद्र के रेणुकापार में मौसमी बीमारी का कहर एक सप्ताह में तीन की मौत।
HighLights
एक सप्ताह में अज्ञात बीमारी से तीन लोगों की मौत।
सर्दी, बुखार के बाद तेजी से गिर रहे प्लेटलेट्स।
स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच में जुटी, मलेरिया के मरीज मिले।
जागरण संवाददाता, जुगैल (सोनभद्र)। रेणुकापार के अगोरी खास ग्राम पंचायत के करजी टोला निवासी 30 वर्षीय रमेश की अज्ञात बीमारी के चलते रविवार को उपचार के दौरान वाराणसी के सुंदरपुर स्थित ओमिक्स निजी अस्पताल में मौत हो गई। पिछले एक सप्ताह के अंदर अज्ञात बीमारी से गांव में अब तक तीन व्यक्तियों की मौत हो चुकी है।
रमेश के पूर्व करजी टोला के 30 वर्षीय मंगरू व 70 वर्षीय रामसजीवन की मौत हो चुकी है। यहां के करीब 12 से अधिक लोग अभी भी बीमार पड़े हुए हैं। रविवार को तीसरी मौत रमेश की हुई। ग्राम प्रधान राम प्रताप साहनी ने बताया कि एक सप्ताह के अंदर तीन की मौत हो चुकी है।
सर्दी, बुखार के बाद तेजी से गिर रहा प्लेटलेट्स
कई और मरीज अभी भी बिस्तर पर पड़े हुए हैं। कुंती, बनवारी, धीरज, ललित कुमार, पूनम, लक्ष्मण का लड़का और नाती, किरण, गौरघट्टी टोला में किसमतिया समेत कई ग्रामीण अभी भी बीमारी से जूझ रहे हैं। बीमारी का कारण पता नहीं चल रहा है, लेकिन सर्दी, जुकाम, बुखार हो जाने के कारण प्लेटलेट्स बहुत जल्दी निचले स्तर पर पहुंच जा रहा है, जिससे दो लोगों की मौत भी हो चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर जिला चिकित्सालय से कोई राहत कार्य नहीं पहुंचता है तो स्थिति और भी भयावह हो सकती है।
स्वास्थ्य विभाग की कैंप लगाकर कर रही बुखार पीड़िताें की जांच
उधर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. रमेश कुमार मिश्रा का कहना है कि गांव में लोग बुखार से पीड़ित हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम पिछले तीन दिनों से वहां कैंप कर जांच कर रही है। पहले दिन 58 बुखार पीड़ितों की जांच हुई जिसमें दो मलेरिया पाजिटिव मिले। दूसरे दिन 54 में से एक पाजिटिव मिला। रविवार को भी चाेपन की टीम मौके पर गई है।
उन्होंने बताया कि गांव में तीन बच्चों में पीलिया मिला था। इसमें से एक बच्चे को वाराणसी रेफर किया गया था। दो बच्चे ठीक थे। उन्होंने बताया कि ग्रामीण चिकित्सकों से उपचार कराने से ज्यादा झाड़फूूक करा रहे हैं। इससे परेशानी हो रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील किया है कि झाड़फूक न कराकर डाक्टरों से उपचार कराएं।
मलेरिया के लिए डेंजर जोन माना जाता है रेणुकापार कर क्षेत्र
मौसम के बदलाव के साथ ही मलेरिया के लिए डेंजर जोन माने जाने वाले रेणुकापार क्षेत्र में फिर लोग बुखार से पीड़ित हो गए हैं। जुगैल समेत अन्य गांवों में मलेरिया का प्रकोप प्रत्येक वर्ष होता है। विभाग हर वर्ष शिविर लगाकर जांच करता है और मरीजों का उपचार करता है।
पूर्व में केंद्रीय टीम भी कर चुकी है कैंप :
पूर्व में यहां स्वास्थ्य विभाग की केंद्रीय टीम कैंप कर मलेरिया के फैलने के कारणों की जांच कर चुकी है। मच्छरों के प्रजनन और उससे निजात के लिए शोध कर रिपोर्ट सरकार को दे चुकी है। फिर भी इस क्षेत्र को मलेरिया के दंश से निजात नहीं मिल रही है। कहने को यहां मच्छरदानी वितरित होती है। फागिंग होती है और शिविर लगाकर मरीजों का उपचार किया जाता है लेकिन हर वर्ष दो चार लोग अज्ञात बीमारी से दम तोड़ देते हैं। वैसे भी स्वास्थ्य विभाग के रिकार्ड में मलेरिया से कोई मौत का जिक्र नहीं होता है।
----------
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।