पथ संचलन कर किया सहशस्त्र पूजन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की दुद्धी जिला इकाई की ओर से रविवार को स्थापना दिवस के अवसर पर पथ संचलन व सह शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जासं, दुद्धी (सोनभद्र) : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की दुद्धी जिला इकाई की ओर से रविवार को स्थापना दिवस के अवसर पर पथ संचलन व सहशस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें एकत्रीकरण शाखा द्वारा भगवा ध्वज, संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार, भारत माता तथा गुरुजी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर अस्त्र-शस्त्र का पूजन किया गया।
प्रांत कार्यवाह बांके लाल एवं जिला प्रचारक ओम प्रकाश ने संघ की स्थापना और शस्त्र पूजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 27 सितंबर 1925 में विजयादशमी के दिन संघ की स्थापना नागपुर के मोहितेवारा स्थान में की गई थी। कहा कि शस्त्र हिन्दुओं का आभूषण है, बरसात शस्त्रों के लिए संक्रमण काल होता है। ऐसे में बरसात बाद इनकी साफ-सफाई का विशेष महत्व है। बताया कि आदि काल से ही हिन्दू धर्म में शस्त्रों का विशेष महत्व है। हमारे देवी-देवता शस्त्र धारण करते हैं। उन्होंने शस्त्रों का उपयोग किसी को डराने या गलत मंशा से नहीं करने की बात कही। प्रार्थना बाद परंपरागत शस्त्रों के साथ खेल मैदान से पथसंचलन निकाला गया। जो रामनगर होते हुए समूचे नगर का भ्रमण करने के बाद वापस खेल मैदान पहुंचा। इसके बाद मिष्ठान वितरण का कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसमें डा. राजकिशोर सिंह, श्याम जी सिंह, सह जिला कार्यवाह रवीन्द जायसवाल, नगर कार्यवाह अरुणोदय जौहरी, मनोज मिश्रा, दिलीप पांडेय, संजू तिवारी, सुमित सोनी आदि थे।