सोनभद्र में हेरोइन तस्कर की 87 लाख की संपत्ति कुर्क, अब तक सात मामलों में 6.43 करोड़ की कार्रवाई
सोनभद्र पुलिस ने हेरोइन तस्कर सुधीर उर्फ छोटे की पत्नी के नाम पर बनी 87.04 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क की है। जिले में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 6.43 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति फ्रीज की जा चुकी है।

सोनभद्र में हेरोइन तस्कर की 87 लाख की संपत्ति कुर्क अवैध कारोबार पर पुलिस का शिकंजा।
HighLights
सोनभद्र में हेरोइन तस्कर की 87 लाख की संपत्ति कुर्क।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 6.43 करोड़ की कार्रवाई।
अवैध हेरोइन तस्करी से अर्जित संपत्ति पर शिकंजा कसा।
जागरण संवाददाता, डाला (सोनभद्र)। नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। रविवार को चोपन थाना पुलिस ने हेरोइन तस्करी के आरोपित सुधीर उर्फ छोटे की पत्नी सुनीता देवी के नाम पर डाला चढ़ाई में बने मकान को कुर्क कर लिया। इसकी कीमत 87.04 लाख रुपये आंकी गई है।
इसके साथ ही जिले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 68 ई और 68 एफ के तहत अब तक सात मामलों में 6.43 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति फ्रीज की जा चुकी है। पुलिस के अनुसार सुधीर उर्फ छोटे ने हेरोइन की अवैध तस्करी से अर्जित धनराशि से पत्नी के नाम पर मकान बनवाया था।
सक्षम प्राधिकारी एवं निरीक्षण अधिकारी, एनडीपीएस अधिनियम नई दिल्ली के 11 नवंबर को पारित आदेश के अनुपालन में 22 नवंबर को कार्रवाई की गई। उपजिलाधिकारी ओबरा रवि कुमार और सीओ नगर रणधीर मिश्रा की मौजूदगी में पर्याप्त पुलिस बल के साथ संपत्ति कुर्क की गई।
16 आरोपित भेजे जा चुके हैं जेल
चोपन थाने में दर्ज इस मुकदमें में अब तक 16 आरोपित गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं। सुधीर भी इसी मामले में निरुद्ध है। उसकी पत्नी सुनीता के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के दो और गैंगस्टर एक्ट का एक मुकदमा दर्ज है। सुधीर के विरुद्ध भी एनडीपीएस एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं।
राबर्ट्सगंज में सबसे बड़ी कार्रवाई
सात मामलों में कुर्क संपत्तियों में राबर्ट्सगंज के कफ सीरफ प्रकरण की 4.50 करोड़ रुपये की संपत्ति शामिल है। इसके अलावा अनपरा में 26.62 लाख, शक्तिनगर में दो मामलों में 39.58 लाख, राबर्ट्सगंज में हेरोइन के एक अन्य मामले में 1.08 लाख और म्योरपुर में 38.83 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।