सोनभद्र में फरार गांजा तस्कर की गिरफ्तारी के लिए 20 हजार रुपये का इनाम घोषित
सोनभद्र पुलिस ने सितंबर में 625 किलो गांजा बरामदगी मामले में फरार तस्कर सिबा शंकर बहेरा की गिरफ्तारी के लिए 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। ओडिशा निवासी यह तस्कर घटना के बाद से लगातार फरार है और पुलिस ने सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने का आश्वासन दिया है।

सोनभद्र में फरार गांजा तस्कर सिबा शंकर बहेरा पर 20 हजार का इनाम घोषित।
HighLights
फरार गांजा तस्कर सिबा शंकर बहेरा पर इनाम घोषित।
सितंबर में 625 किलो गांजा बरामदगी से जुड़ा मामला।
सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखेगी पुलिस।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सितंबर में शाहगंज थाना क्षेत्र के गौरी शंकर मंदिर के पास ट्रेलर से करीब छह कुंतल 25 किग्रा गांजा बारामदगी के मामले में फरार गांजा तस्कर ओडिसा के भुवनेश्वर अंधरूआ खुर्दा सिबा शंकर बहेरा की गिरफ्तारी के लिए 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
वह गांजा बरामदगी में नाम आने के बाद से लगातार फरार चल रहा है। उसने न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण भी नहीं किया है। एसपी ने कहा है कि तस्कर के संबंध में किसी प्रकार की सूचना होने पर पुलिस को अवगत कराएं। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम एवं पता गोपनीय रखा जाएगा। बता दें कि 23 सितंबर की रात शाहगंज थाना पुलिस व एसओजी पुलिस ने गौरी शंकर मंदिर से कुछ आगे बढ़ने पर पुलिया के पास जांच के दौरान एक कंटेनर पकड़ा था।
कंटेनर से कूद कर भागते समय पुलिस ने दिलीप कुमार व संतोष कुमार साहू को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अन्य आरोपित फरार हो गए थे। पुलिस ने इस कंटेनर से 625 किग्रा गांजा बरामद किया था। तब पुलिस ने इस मामले में ओडिसा के सरखिया निवासी दिलीप कुमार, संतोष कुमार साहू, कटक निवासी शंकर, मीरजापुर के अहरौरा थाना क्षेत्र के इमलिया चट्टी गांव निवासी सुरेंद्र जायसवाल व चुनार कोतवाली क्षेत्र के सनी जायसवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इस मामले में सिबा शंकर लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए एसपी ने इनाम घोषित किया है।