सोनभद्र में चेचिस नंबर से खुला अज्ञात मृतक का राज, पुलिस ने स्वजन तक पहुंचाई सूचना
सोनभद्र के राबर्ट्सगंज में सड़क दुर्घटना में मृत अज्ञात बाइक सवार की पहचान पुलिस ने मोटरसाइकिल के चेचिस नंबर से की। पुलिस ने मध्य प्रदेश के सिंगरौली निवासी पप्पू दुबे के परिजनों को सूचना देकर घटना से अवगत कराया।

सोनभद्र में चेचिस नंबर से खुली अज्ञात मृतक की पहचान, परिजनों को मिली सूचना।
HighLights
सोनभद्र में सड़क दुर्घटना में अज्ञात बाइक सवार की मौत।
पुलिस ने चेचिस नंबर से की मृतक की पहचान।
मृतक पप्पू दुबे के परिजनों को दी गई सूचना।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। राबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के लोहरा पावर हाउस के पास सड़क दुर्घटना में मृत अज्ञात बाइक सवार की पहचान पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल के चेचिस नंबर के आधार पर कर ली। पुलिस ने मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के बैढ़न थाना से संपर्क कर वाहन स्वामी का सत्यापन कराया और मृतक के स्वजन तक पहुंचकर उन्हें घटना की सूचना दी।
गुरुवार को शक्तिनगर-वाराणसी राजमार्ग पर लोहरा पावर हाउस के पास सड़क दुर्घटना में एक बाइक सवार की मौत हो गई थी। मृतक की पहचान नहीं हो पाने के कारण पुलिस उसके स्वजन तक पहुंचने का प्रयास कर रही थी। इस दौरान दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल के चेचिस नंबर के जरिए वाहन से संबंधित जानकारी जुटाई गई।
इसके बाद मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के बैढ़न थाना पुलिस से संपर्क कर वाहन स्वामी और उसके पते का सत्यापन कराया गया। पुलिस की ओर से संपर्क किए जाने पर मृतक के भाई नारायण देव दुबे और ग्राम प्रधान दीपक पांडेय से बातचीत हुई। उन्होंने मृतक की पहचान पप्पू दुबे (33) पुत्र पंच बहादुर दुबे, निवासी ग्राम खजूरी, थाना बैढ़न, जनपद सिंगरौली के रूप में की। पुलिस ने मृतक के परिजनों को दुर्घटना की सूचना दे दी है।