सोनभद्र में क्लोरीन गैस के रिसाव से हुई श्रमिक की मौत के बाद कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
ओबरा 'सी' तापीय परियोजना में क्लोरीन गैस रिफिलिंग के दौरान एक श्रमिक की मौत के बाद संविदा कंपनी संतोष इंफ्रा ...और पढ़ें

सोनभद्र में श्रमिक की मौत के बाद ओबरा परियोजना की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल।
HighLights
ओबरा परियोजना में क्लोरीन गैस रिफिलिंग के दौरान श्रमिक की मौत।
संविदा कंपनी पर ओवरटाइम, कम भुगतान और सुरक्षा चूक के आरोप।
पुरानी शिकायतों को अनदेखा करने पर प्रबंधन की भूमिका पर सवाल।
जागरण संवाददाता, ओबरा (सोनभद्र)। ओबरा 'सी' तापीय परियोजना में क्लोरीन गैस रिफिलिंग के दौरान संविदा श्रमिक गोविंद प्रसाद की मौत के बाद अब परियोजना प्रबंधन के साथ ही संबंधित संविदा कंपनी संतोष इंफ्रा पावर प्राइवेट लिमिटेड की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। कंपनी पर श्रमिकों से निर्धारित समय से अधिक काम कराने, अतिरिक्त घंटों का भुगतान नहीं करने और बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखने जैसे गंभीर आरोप पहले से लगते रहे हैं।
हैरानी की बात यह है कि श्रमिकों और मजदूर संगठनों की ओर से कई बार श्रम विभाग तथा बीते पांच नवंबर को जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत किए जाने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी। ऐसे में हादसे के बाद कंपनी के साथ ही जिम्मेदार विभागों की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। कारण कि सोमवार को ही परियोजना में क्लोरीन गैस रिफिलिंग के दौरान एक श्रमिक गोविंद प्रसाद की मौत हो गई थी।
शिकायतों के मुताबिक संबंधित संविदा कंपनी के अधिकारियों द्वारा श्रमिकों से 12 घंटे से लेकर 48 घंटे तक लगातार ड्यूटी कराई जाती रही है। आरोप है कि अतिरिक्त समय तक काम कराने के बावजूद श्रमिकों को नियमानुसार अतिरिक्त पारिश्रमिक नहीं दिया जाता था। इतना ही नहीं जनसुनवाई पोर्टल पर की गई शिकायत में साल के 365 दिन लगातार काम कराने और भोजन तक के लिए निर्धारित अवकाश नहीं देने का भी उल्लेख किया गया था।
श्रमिकों का आरोप रहा है कि काम से इनकार करने पर रोजगार प्रभावित होने का दबाव बनाया जाता था। इससे श्रमिकों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका बनी रहती थी। इन परिस्थितियों को लेकर श्रमिकों और मजदूर संगठनों ने कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर जांच और कार्रवाई की मांग की थी।
इसके बावजूद शिकायतों के निस्तारण में महज औपचारिकता किए जाने के आरोप लगते रहे। क्लोरीन गैस रिफिलिंग के दौरान हुए हादसे में गोविंद प्रसाद की मौत ने इन शिकायतों को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है। हालांकि अभी यह साबित नहीं हुआ है कि श्रमिक से लगातार काम कराने अथवा कार्यस्थल पर किसी सुरक्षा चूक का इस हादसे से क्या सीधा संबंध था।
इसके लिए निष्पक्ष जांच आवश्यक है। खास बात है कि पूरे मामले को प्रबंधन पूरी तरह से दबाने में अपनी ऊर्जा लगाए हुए हैं। यहां तक उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड के अधिकारी भी अनभिज्ञ बने हुए हैं। इस संबंध में उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड लखनऊ के प्रबंध निदेशक (प्रोजेक्ट एंड कामर्शियल) संजय कुमार दत्ता ने बताया कि इसकी जानकारी अभी उन्हें नहीं है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।