सोनभद्र में प्रेशर हार्न, हूटर, साइलेंसर पर पुलिस ने चलवा दिया बुल्डोजर, रौंद डाले गए शोर के उपकरण
सोनभद्र पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए बड़ी कार्रवाई की है। बढ़ौली चौराहे पर 500 से अधिक प्रेशर हॉर्न, हूटर और साइलेंसर नष्ट किए गए, चालकों को चेतावनी भी दी गई।

सोनभद्र में पुलिस ने प्रेशर हॉर्न हूटर और साइलेंसर पर चलाया बुलडोजर।
HighLights
सोनभद्र पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
बढ़ौली चौराहे पर 500 से अधिक उपकरण नष्ट किए गए।
वाहनों में प्रेशर हॉर्न, हूटर न लगाने की अपील।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। जनपद में ट्रक चालकों से लेकर अन्य छोटे बड़े वाहनों के चालक प्रेशर हार्न और हूटर का प्रयाेग कर रहे। बाइकों बुलेट में साइलेंसर लगाए जा रहे। इससे ध्वनि प्रदूषण हो रहा है। राहगीरों को तेज आवास से परेशानी हो रही है। जनपद पुलिस और यातायात पुलिस लगातार इस पर कार्रवाई कर रही है।
लोढ़ी टोल प्लाजा के पास करीब तीन माह पूर्व कार्रवाई के बाद पुलिस ने शनिवार को नगर के बढ़ौली चौराहे पर करीब 500 से अधिक प्रेशर हार्न, हूटर, साइलेंसर को बैकहोलोडर से नष्ट करा दिया। पुलिस की यह कार्रवाई देखने के लिए चौराहे पर लोगों की भीड़ लगी रही। वाहनों की जांच के दौरान चालकों को चेतावनी दी गई कि वे प्रेशर हार्न, हूटर, साइलेंसर आदि का उपयोग न करें, वरना कार्रवई जारी रहेगी।
सीओ यातायात सुधीर सिंह व सीओ नगर रणधीर मिश्रा ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करने, ध्वनि प्रदूषण से लोगों को राहत दिलाने के लिए यह कार्रवाई की गई है। दोनों अधिकारियों ने लोगों से अपील किया कि अपने वाहनों में प्रेसर हार्न, हूटर व मानक के विपरीत साइलेंसर का प्रयोग न करें।
ऐसा करते पाए जाने पर संबंधित वाहन स्वामियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान यातायात निरीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह, उप निरीक्षक तीरथराज समेत अन्य मौजूद रहे। वहीं पूरे कार्रवाई की निगरानी भी की गई और वीडियो रिकार्डिंंग को सोशल मीडिया में साझा कर लोगों से ऐसे उपकरण वाहनों पर ना लगाने की अपील की गई।