रैली एवं जुमे की नमाज को लेकर अलर्ट रही पुलिस
तहसील मुख्यालय पर शुक्रवार को नागरिकता कानून के समर्थन में आयोजित रैली एवं जुमे का नमाज एक साथ पड़ने के कारण प्राशसनिक अधिकारियों को खासा मशक्कत करनी पड़ी।
जासं, दुद्धी (सोनभद्र) : तहसील मुख्यालय पर शुक्रवार को नागरिकता कानून के समर्थन में आयोजित रैली एवं जुमे का नमाज एक साथ पड़ने के कारण प्राशसनिक अधिकारियों को खासा मशक्कत करनी पड़ी। खुफिया इनपुट के बाद दुद्धी तहसील मुख्यालय को हाई अलर्ट पर रखा गया। सुबह से ही तहसील मुख्यालय पर भारी फोर्स का जमावड़ा लगने लगा।
अग्निशमन के साथ आसपास के थानों के निरीक्षकों एवं भारी संख्या में रंगरूटों को चप्पे-चप्पे पर तैनात कर तमाम गतिविधियों पर सतर्क निगाह पुलिस महकमें द्वारा रखी जा रही थी। दोपहर बारह बजे के बाद अतिसंवेदनशील मुख्य चौक इलाके को पुलिस ने जबरदस्त घेराबंदी कर लिया। दोपहर डेढ़ बजे जुमा का नमाज पूरा होने के बाद मस्जिद से लोग शांतिपूर्वक निकल कर अपने काम धंधों में लगने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। इसके बाद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों का पूरा ध्यान खेल मैदान पर एकत्र हो रहे लोगों पर केन्द्रित हो गया। तीन बजे जैसे ही लोगों का हुजूम सड़क पर निकला वैसे ही पुलिस क्षेत्राधिकारी संजय कुमार वर्मा एवं मजिस्ट्रेट के रूप में नायब तहसीलदार सूर्यबली मौर्या, प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश यादव एवं विढमगंज प्रभारी प्रदीप सिंह के साथ रैली के आगे तो पीछे हाथीनाला, म्योरपुर एवं बभनी थाने से आई फोर्स के साथ वरिष्ठ उप निरीक्षक वंशनारायण यादव ने मोर्चा संभाल रखा था।