विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनभद्र में डीजल भराने के विवाद में परिवार पर टूट पड़े 12 लोग, बोलेरो में भी की तोड़फोड़

By Prashant Kumar Shukla Edited By: Abhishek sharma
Published: Mon, 23 Nov 2026 05:10 PM (IST)

सोनभद्र में रॉबर्ट्सगंज-घोरावल मार्ग पर जैत के पास डीजल भराने को लेकर हुए विवाद में एक परिवार पर करीब 12 लोगों ने हमला कर दिया। इस हिंसक मारपीट में महिलाओं और बच्चों सहित पांच लोग घायल हो गए, जबकि हमलावरों ने उनकी बोलेरो गाड़ी में भी तोड़फोड़ की।

मीरजापुर से बेटी के घर से लौट रहा था परिवार, पुलिस ने शुरू की जांच।

मीरजापुर से बेटी के घर से लौट रहा था परिवार, पुलिस ने शुरू की जांच।

HighLights

  1. डीजल भराने के विवाद में परिवार पर हुआ हमला।

  2. हमले में पांच लोग घायल, बोलेरो गाड़ी में तोड़फोड़।

  3. पुलिस मामले की जांच में जुटी, कार्रवाई की मांग।

जागरण संवाददाता, सोनभद्र। राबर्ट्सगंज-घोरावल मार्ग पर जैत के पास डीजल भराने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पेट्रोल पंप पर शुरू हुई कहासुनी के बाद करीब 12 लोगों ने एक परिवार पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से की गई मारपीट में महिलाओं और बच्चों समेत पांच लोग घायल हो गए। हमलावरों ने बोलेरो में भी तोड़फोड़ की। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मीरजापुर जिले के संत नगर थाना क्षेत्र के गेरुआही गांव निवासी बबुन्दर ने बताया कि वह 21 नवंबर की रात परिवार के सदस्यों के साथ बोलेरो से महुआव कला मारकुंडी स्थित अपनी बेटी के घर से लौट रहे थे। रात करीब नौ बजे जैत के पास इंडियन आयल पेट्रोल पंप पर डीजल भराने के लिए रुके। उन्होंने एक हजार रुपये का डीजल भरने को कहा लेकिन कर्मचारी ने पहले 400 रुपये का ही डीजल भरा।

इस पर पूछताछ करने के दौरान कहासुनी होने लगी। बाद में 600 रुपये का डीजल और भर दिया गया। आरोप है कि इसी बीच पेट्रोल पंप पर मौजूद दो लोग गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। देखते ही देखते करीब 10 अन्य लोग भी वहां पहुंच गए और सभी ने मिलकर परिवार को घेर लिया।

लाठी-डंडों से मारपीट करने के साथ बोलेरो को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। हमले में बबुन्दर, उनके बेटे चंद्रप्रकाश, पत्नी सुशीला, आठ वर्षीय अंश और आरती घायल हो गए। घटना के दौरान उनकी बहू चंदा ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पीड़ित परिवार कोतवाली पहुंचा और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।