आठ ग्राम पंचायतें हुईं कम, 629 पंचायतों में होगा चुनाव
जागरण संवाददाता सोनभद्र इस बार जिले में 629 ग्राम पंचायतों में पंचायत चुनाव होंगे।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : इस
बार जिले में 629 ग्राम पंचायतों में पंचायत चुनाव होंगे। इससे पहले जिले में ग्राम पंचायतों की संख्या में 637 थी। म्योरपुर ब्लाक के ही सभी आठ ग्राम पंचायतों का अस्तित्व समाप्त किया गया है। आठ ग्राम पंचायतों में से सात ग्राम पंचायत अनपरा नगर पंचायत तो एक रेणुकूट नगर पंचायत में शामिल किया गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी विशाल सिंह ने बताया कि जिले के ग्राम पंचायतों का परिसीमन का कार्य अंतिम चरण में है। 11 व 12 जनवरी को अंतिम आपत्तियां ली जाएंगी, इसके बाद निर्धारित समयसीमा के अंदर इसका निस्तारण जिलाधिकारी के अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा किया जाएगा। श्री सिंह ने बताया कि इस बार के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में आठ ग्राम पंचायतों पर मतदान नहीं होंगे, क्योंकि उनका विलय दो नगर पंचायतों में कर दिया गया है। इन ग्राम पंचायतों का अस्तित्व होगा समाप्त
जिला पंचायत राज अधिकारी विशाल सिंह ने बताया कि म्योरपुर ब्लाक के आठ ग्राम पंचायतों का अस्तित्व अब समाप्त हो गया है। इनमें अनपरा, औड़ी, रेहटा, गरबंधा, ककरी, खड़िया, खाड़पाथर व परासी ग्राम पंचायत शामिल है। बताया कि अनपरा नगर पंचायत में सात ग्राम पंचायत शामिल हैं, वहीं रेणुकूट नगर पंचायत में खाड़पाथर को शामिल किया गया है। श्री सिंह ने बताया कि 11 व 12 जनवरी तक अंतिम आपत्ति की तिथि है। इसके बाद परिसीमन को फाइनल कर दिया जाएगा। 31 होंगी जिला पंचायत की सीट
वर्ष 2015 में जिला पंचायत की 33 सीटों पर मतदान हुआ था लेकिन इस बार जिला पंचायत की भौगोलिक स्थिति बदल गयी है। यह बदलाव जनपद को दो नगर पंचायत की सौगात मिलने के कारण हुआ है। पहले अनपरा जिला पंचायत सदस्य की सीट थी, लेकिन प्रदेश सरकार ने अनपरा को नगर पंचायत का दर्जा दे दिया। इस वजह से जिला पंचायत की एक सीट कम हो गयी। इसी तरह डाला नगर पंचायत बनने के कारण कोटा जिला पंचायत की सीट समाप्त हो गयी है।