सोनभद्र में 12 दिन बाद धान खरीद की हुई बोहनी, कई केंद्रों पर अब भी किसानों का इंतजार
सोनभद्र में 12 दिन बाद धान खरीद शुरू हुई, लेकिन अधिकांश केंद्रों पर सन्नाटा पसरा है और किसानों को बोरियों ...और पढ़ें

सोनभद्र में धान खरीद की धीमी शुरुआत, किसान परेशान, कई केंद्रों पर इंतजार।
HighLights
सोनभद्र में 12 दिन बाद धान खरीद की शुरुआत हुई।
अधिकांश केंद्रों पर बोरियों की कमी और नमी की समस्या।
किसानों से धान सुखाकर लाने की अपील की जा रही है।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। जिले में धान खरीद शुरू होने के 12 दिन बाद गुरुवार को आखिरकार खरीद की बोहनी हुई। हालांकि, खरीद की शुरुआत के बावजूद ज्यादातर क्रय केंद्रों पर सन्नाटा पसरा रहा। कहीं किसान धान लेकर नहीं पहुंचे तो कहीं बोरियों की उपलब्धता नहीं हो सकी है।
कुछ केंद्रों पर धान में मानक से अधिक नमी होने के कारण खरीद प्रभावित हो रही है। दूसरी ओर चतरा क्षेत्र के बिरनी बी-पैक्स (सेहुआ गोदाम) को क्रय केंद्र नहीं बनाए जाने से किसानों में नाराजगी है।
राबर्ट्सगंज स्थित मंडी समिति क्रय केंद्र पर पेटराही गांव निवासी किसान विजयंत दुबे से लगभग 42 क्विंटल धान की खरीद की गई। क्रय केंद्र प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि परिसर में खड़ी ट्रैक्टर-ट्रालियों में रखे धान की जांच में 17.7, 18.4 और 24.3 प्रतिशत तक नमी मिली।
निर्धारित मानक से अधिक नमी होने पर चावल की रिकवरी प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में किसानों से धान सुखाकर मानक के अनुरूप लाने की अपील की गई है। उधर, चतरा क्षेत्र के रामगढ़, कोरियांव (गुरौटी), शिवपुर, सोढ़ा (पटना) और रामपुर समितियों पर गुरुवार तक खरीद शुरू नहीं हो सकी।
केंद्रों पर कर्मचारी कांटा, डस्टर और बैनर लगाकर किसानों का इंतजार करते मिले। धान रखने के लिए बोरियां भी नहीं पहुंची थीं। हालांकि, शाम तक प्रत्येक समिति पर 300-300 बोरियों की खेप पहुंचने की उम्मीद जताई गई।