रेणुसागर आगजनी मामले में एक गिरफ्तार
रेणुसागर पावर डिविजन में गत वर्ष हुए आगजनी तोड़-फोड़ व लूट की घटना में फरार चल रहे एक संविदा श्रमिक को रेणुसागर पुलिस ने मंगलवार को बलिया से गिरफ्तार कर जेल भेजा।
जासं, अनपरा (सोनभद्र) : रेणुसागर पावर डिविजन में गत वर्ष हुई आगजनी, तोड़फोड़ व लूट की घटना में फरार चल रहे एक संविदा श्रमिक को रेणुसागर पुलिस ने मंगलवार को बलिया से गिरफ्तार किया है। रेणुसागर आवासीय परिसर स्थित परियोजना गेट के समीप धरना दे रहे श्रमिकों व प्रशासन में हुए झड़प के बाद लूट, आगजनी, तोड़फोड़ के मामले में नामजद आरोपी संविदा श्रमिक चांदगी राम यादव जो घटना के बाद फरार चल रहा था। रेणुसागर चौकी इंचार्ज कुमार संतोष को सूचना मिली कि आरोपी बलिया में मौजूद है। पुलिस बलिया जाकर आरोपी को गिरफ्तार की। अनपरा थानाध्यक्ष शैलेश राय ने बताया कि अब तक इस मामले में चांदगी राम यादव को लेकर 45 गिरफ्तारी हो चुकी है। अंकित तिवारी की भी तलाश पुलिस कर रही है। इस मामले में 46 लोगों को नामजद एवं सैकड़ों अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।