विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनभद्र के अस्पतालों में लापरवाही, कहीं डाक्टर गायब तो कहीं मशीनें बंद

By Julfequar Haider Khan Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 13 Nov 2026 11:23 AM (IST)

सोनभद्र के प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में घोर लापरवाही सामने आई है, जहां डॉक्टर अनुपस्थित और मशीनें बंद मिलीं। ...और पढ़ें

सोनभद्र के अस्पतालों में लापरवाही डॉक्टर गायब मशीनें बंद।

सोनभद्र के अस्पतालों में लापरवाही डॉक्टर गायब मशीनें बंद।

HighLights

  1. दुद्धी सीएचसी में डॉक्टर अनुपस्थित, मरीज पर्ची के लिए कतार में।

  2. जुगैल, कुड़ारी, घोरिया अस्पतालों में वार्ड ब्वाय के भरोसे इलाज।

  3. डिबुलगंज में माइक्रोबायोलॉजी, सीबीसी मशीनें एक साल से बंद।

जागरण संवाददाता, सोनभद्र। सरकार की मंशा है कि प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समय से खुलें। चिकित्सक और कर्मचारी निर्धारित समय पर पहुंचें, ताकि ग्रामीणों को गांव के आसपास ही बेहतर इलाज मिल सके। इसके लिए संसाधनों और कर्मचारियों पर सरकारी धन भी खर्च हो रहा है, लेकिन गुरुवार की सुबह दैनिक जागरण टीम की ओर से अस्पतालों की पड़ताल में व्यवस्था की हकीकत कुछ और ही नजर आई।

कहीं डाक्टरों के कक्ष पर ताला लटकता मिला तो कहीं पर्ची बनवाने के लिए मरीज आधे घंटे तक कतार में खड़े रहे। कई अस्पताल वार्ड ब्वाय के भरोसे संचालित मिले। मशीनें महीनों से बंद हैं, जबकि नियुक्त कर्मचारियों की उपस्थिति पर भी सवाल हैं।

दुद्धी में पर्ची के लिए कतार, जुगैल में अस्पताल बंद
जासं, दुद्धी : दुद्धी सीएचसी में सुबह 9:50 बजे तक अधिकांश वार्ड और कक्ष बंद मिले। पंजीकरण काउंटर पर कर्मचारी नहीं था। मरीज करीब आधे घंटे तक पर्ची बनवाने के लिए इंतजार करते रहे। परिसर में गंदगी के साथ मुख्य दरवाजे के पास लावारिस सिरिंज और इंजेक्शन भी पड़े मिले। उधर, नया पीएचसी जुगैल बंद मिला। वहां कोई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं था।

वार्ड ब्वाय के भरोसे अस्पताल, नियुक्त डाक्टरों का पता नहीं
जांस, जुगैल : कुड़ारी और घोरिया अस्पतालों की स्थिति भी चिंताजनक रही। दोनों केंद्रों पर नियमित चिकित्सकीय सेवाएं नहीं मिल रही हैं। महिला चिकित्सकों की नियुक्ति होने के बावजूद उनके अस्पताल पहुंचने की स्थिति स्पष्ट नहीं है। घोरिया में वार्ड ब्वाय ही देखरेख से लेकर दवा और इलाज तक की जिम्मेदारी निभा रहा है। कुड़ारी में भी कभी-कभार एक व्यक्ति अस्पताल खोलकर कुछ देर बैठता है। सलखन पीएचसी में स्टाफ नर्स नहीं मिलीं। स्थानीय लोगों का कहना था कि नियुक्ति के बाद से उन्होंने नर्स को मरीज देखते नहीं देखा। वार्ड ब्वाय और सफाईकर्मी भी नहीं हैं।

डिबुलगंज में मशीनें बंद, वैनी में आनलाइन पंजीकरण की बाधा
जासं, अनपरा : संयुक्त चिकित्सालय डिबुलगंज में प्रतिदिन करीब 150 मरीज पहुंचते हैं, लेकिन लैब टेक्नीशियन सप्ताह में तीन दिन अनपरा और तीन दिन शक्तिनगर में सेवाएं देता है। माइक्रोबायोलाजी मशीन एक वर्ष से बंद है और सीबीसी मशीन भी शुरू नहीं हुई। एक्सरे मशीन से छोटे अंगों की ही जांच हो पाती है। चिकित्सा प्रभारी डा. अजीत सिंह ने कहा कि उपलब्ध संसाधनों से काम किया जा रहा है। वैनी सीएचसी में सुबह 10:30 बजे चिकित्सक और कर्मचारी मौजूद मिले, लेकिन आनलाइन पंजीकरण की बाधा मरीजों पर भारी पड़ रही है। आधार कार्ड नहीं होने पर मरीजों को परेशानी होती है।

कहीं कर्मचारी कम तो कहीं व्यवस्था दुरुस्त
जासं, करमा : करमा सीएचसी में सुबह 10:40 बजे तक एक भी आनलाइन पंजीकरण नहीं हुआ था। अधीक्षक मुन्ना प्रसाद ने स्टाफ की कमी बताई। वहीं चतरा पीएचसी में सुबह 10 बजे चिकित्सक मरीज देखते मिले। पर्ची, दवा वितरण और जांच कक्ष में कर्मचारी मौजूद थे। यहां दो एमबीबीएस और दो एमओसीएच चिकित्सकों की तैनाती है।


जनपद में चिकित्सकों की संख्या में कमी है। अक्टूबर से मार्च तक अस्पताल का सुबह सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक होता है। जुगैल के डाक्टर ने रात में इमरजेंसी किया था इसलिए वे सुबह ड्यूटी पर नहीं गए। अस्पताल खुला था। जहां भी अस्पतालों में कोई कमी होगी, पता कर उसे ठीक कराया जाएगा।

-

डा. रमेश कुमार मिश्रा, मुख्य चिकित्साधिकारी, सोनभद्र।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।