सिंगरौली में बोलेरो सीख रहे नाबालिग ने छह लोगों को टक्कर मारी, दो की हालत गंभीर; गुस्साए ग्रामीणों ने वाहन पलटा
सिंगरौली के खटखरी गांव में एक नाबालिग द्वारा बोलेरो चलाना सीखते समय वाहन बेकाबू हो गया, जिससे सड़क पर चल रहे छह लोग घायल हो गए। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने बोलेरो को पलट दिया, जबकि नाबालिग चालक और उसके साथ बैठा व्यक्ति मौके से फरार हो गए; पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सिंगरौली में नाबालिग चालक ने छह लोगों को रौंदा ग्रामीणों ने पलटी बोलेरो।
HighLights
नाबालिग चालक ने बोलेरो से छह लोगों को टक्कर मारी।
दो घायलों की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गुस्साए ग्रामीणों ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को सड़क पर पलटा।
जागरण संवाददाता सिंगरौली (सोनभद्र)। सिंगरौली जिले के बैढ़न थाना के खुटार चौकी क्षेत्र के खटखरी गांव में मंगलवार सुबह बोलेरो चलाना सीख रहे एक नाबालिग से वाहन बेकाबू हो गया। बोलेरो ने संकरी सड़क से गुजर रहे छह लोगों को टक्कर मार दी। सभी घायलों को बैढ़न के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना सुबह करीब 10 बजे की है। गांव के रामजन्म शाह अपने नाबालिग बच्चों को बोलेरो चलाना सिखा रहे थे। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क से गुजर रहे लोगों को टक्कर मार दी।
घायलों की पहचान अनिल शाह, परमानंद शाह, सुनीत शाह, अंजलि शाह, कृष्णा शाह और समयलाल शाह के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने सभी को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक, सभी घायल एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने पलट दी बोलेरो
हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने बोलेरो को सड़क से नीचे पलटा दिया। वाहन चला रहा नाबालिग और उसके साथ बैठा व्यक्ति मौके से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शी कमलेश शाह ने बताया कि बोलेरो चलाना सीखते समय चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और छह लोगों को टक्कर मार दी। उनके मुताबिक, सुनीत शाह और अंजलि शाह की हालत गंभीर है। दोनों को सांस लेने में परेशानी हो रही है।
खुटार चौकी प्रभारी अमन बारी ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिली है। परिजन घायलों को अस्पताल ले गए हैं। उन्हें शिकायत दर्ज कराने के लिए चौकी आने को कहा गया है। अभी तक किसी ने लिखित शिकायत नहीं दी है। शिकायत मिलने पर एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।