आपसी रंजिश में मारी गोली, हालत गंभीर
जागरण संवाददाता, करमा (सोनभद्र) : थाना क्षेत्र के करमा बाजार में रविवार को आपसी रंजिश म
जागरण संवाददाता, करमा (सोनभद्र) : थाना क्षेत्र के करमा बाजार में रविवार को आपसी रंजिश में चली गोली में एक अधेड़ घायल हो गया। गोली की आवाज सुनकर स्थानीय लोग दौड़े और घायल को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया। स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टर ने वाराणसी रेफर कर दिया। वहीं करमा पुलिस की सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी सदर मौके पर पहुंचे। जहां आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए थानाध्यक्ष को निर्देश दिया। मामले में पीड़ित पक्ष ने स्थानीय थाने में तहरीर दी है।
करमा बाजार निवासी शशिकांत शुक्ल (धर्मेन्द्र) पुत्र स्व. राजेश्वर शुक्ल व संदीप त्रिपाठी दोनों पड़ोसी हैं। दोनों के छत के बीच एक दीवार है। बताया जाता है कि रविवार को लगभग पौने चार बजे किसी बात को लेकर दोनों पड़ोसी की औरतों में विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने धर्मेद्र को गोली मार दी। इस घटना में शशिकांत (46) के पेट में गोली लग गई और वह वहीं गिर पड़े। घटना की जानकारी होते ही बाजार में सनसनी फैल गई। परिजनों ने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजवाया, जहां शाम को गंभीर हालत देखकर डाक्टर ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। वहीं घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जबकि पीड़ित पक्ष ने स्थानीय थाने में तहरीर दी है।
इस संबंध में घायल के भाई जितेंद्र शुक्ल ने बताया कि पहले से भी कुछ विवाद चल रहा है। रविवार को कहासुनी कपड़े को हटाने को लेकर ही हुई थी। घटना की जानकारी पर देर शाम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार दीक्षित व सीओ सदर विवेकानंद तिवारी ने मौका मुआयना कर एसओ करमा को यथाशीघ्र आरोपी को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया।