धान खरीद की धीमी रफ्तार देख नाराज हुए विधायक
जागरण संवाददाता सोनभद्र जिले में धान खरीद को लेकर मचे हायतौबा के बीच गुरुवार को सदर।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : जिले में धान खरीद को लेकर मचे हायतौबा के बीच गुरुवार को सदर विधायक भूपेश चौबे ने राबर्ट्सगंज स्थित मंडी समिति क्रय केंद्र पर पहुंच गए। अल सुबह क्रय केंद्र पहुंचे सदर विधायक को देखकर जहां एक तरफ क्रय केंद्र पर तैनात कर्मचारियों में हलचल मच गई तो वहीं दूसरी ओर किसानों के दबे आक्रोश सतह पर आ गया। क्रय केंद्र पर किसानों की भीड़ देखकर सदर विधायक ने क्रय केंद्र प्रभारी पर नाराजगी जताते हुए खरीद कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। धान की धीमी खरीद को देखते हुए विधायक ने मौके से ही उच्चाधिकारियों को फोन लगाकर क्रय केंद्र पर कांटा की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया। कहा कि धान खरीद में किसी तरह की कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अपने बीच में सदर विधायक को देखकर किसानों का धैर्य भी जवाब दे गया। उन्होंने शिकायत करते हुए कहा कि क्रय केंद्र पर अव्यवस्था का आलम अपने चरम पर है। उन लोगों के ट्रैक्टर की बैट्री तक चोरी हो जा रही है, खरीद प्रक्रिया के दौरान क्रय केंद्र प्रभारी लगातार मनमानी कर रहे हैं। विरोध करने पर धान न खरीदने की चेतावनी दे रहे हैं। बताया कि धान खरीद के दौरान क्रय केंद्र पर धान में नमी व अन्य कमी बताकर उन्हे परेशान किया जा रहा है। समय से खरीद प्रक्रिया शुरू नहीं की जाती और जल्द ही बंद कर दी जाती है। सदर विधायक ने कहा कि किसानों के साथ अगर कहीं पर भी ज्यादती होगी तो संबंधित लोग जिम्मेदार होंगे। चेतावनी देते हुए कहा कि प्रदेश के मुखिया किसानों की समस्या को लेकर गंभीर है, अगर उन्हे किसी तरह की समस्या होती है तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई तय है।