सोनभद्र में आदिवासी की जमीन पर छह लाख का केसीसी ऋण निकालने का आरोप
ओबरा, सोनभद्र में एक आदिवासी की जमीन पर उसकी जानकारी के बिना छह लाख रुपये का किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण निकाल लिया गया। पीड़ित लाल बहादुर बैगा ने जनसेवा केंद्र पर खतौनी निकलवाते समय इस धोखाधड़ी का पता चलने पर जुगैल थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

खतौनी निकलवाने पहुंचे पीड़ित को हुई फर्जीवाड़े की जानकारी।
HighLights
आदिवासी की जमीन पर छह लाख का केसीसी ऋण।
बिना सहमति, कूटरचित दस्तावेजों से बैंक ऋण स्वीकृत।
पीड़ित ने जुगैल थाने में दर्ज कराई शिकायत।
जागरण संवाददाता, ओबरा (सोनभद्र)। ओबरा तहसील क्षेत्र के आदिवासी बाहुल इलाकों में रहने वाले गरीब और अशिक्षित आदिवासियों की जमीनों पर कूटरचित दस्तावेजों के सहारे किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण निकालने का एक और मामला सामने आया है। इस बार जुगैल थाना क्षेत्र के गरदा टोला निवासी एक आदिवासी की जमीन को कथित तौर पर बंधक बनाकर छह लाख रुपये का ऋण स्वीकृत करा लेने का आरोप लगा है।
पीड़ित को इसकी भनक तक नहीं लगी। 21 नवंबर को खतौनी निकलवाने के लिए जनसेवा केंद्र पहुंचने पर जमीन पर बैंक का ऋण दर्ज होने की जानकारी हुई। पीड़ित लाल बहादुर बैगा निवासी टोला गरदा, थाना जुगैल ने आरोप लगाया है कि डाला स्थित पीएनबी बैंक में कलेक्शन एजेंट के रूप में कार्य करने वाले एक व्यक्ति ने पीएनबी की डाला शाखा के कुछ बैंक कर्मियों के साथ मिलीभगत कर उसकी जमीन को बंधक दिखाते हुए छह लाख रुपये का केसीसी ऋण स्वीकृत करा लिया।
इसके लिए न तो उसने किसी प्रकार का ऋण आवेदन किया और न ही अपनी जमीन बंधक रखने की सहमति दी। इसके बावजूद राजस्व अभिलेखों में उसकी भूमि पर बैंक का ऋण दर्ज हो गया। पीड़ित के मुताबिक 21 नवंबर को वह अपनी जमीन की खतौनी निकलवाने के लिए जनसेवा केंद्र गया था। इसी दौरान अभिलेखों में ऋण संबंधी प्रविष्टि देखकर उसके होश उड़ गए। छानबीन करने पर पता चला कि उसकी जमीन को आधार बनाकर बैंक से छह लाख रुपये का ऋण लिया गया है।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपितों ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर सरकारी अभिलेखों में हेराफेरी की और उसकी जानकारी व सहमति के बिना पूरी प्रक्रिया को अंजाम दिया। वहीं रविवार को पीड़ित ने इस मामले की शिकायत जुगैल थाने में पहुंचकर की। उसने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर जमीन को ऋण के बोझ से मुक्त कराने और दोषियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।
ग्रामीणों से मिली शिकायतों के आधार पर पुलिस द्वारा पूरे प्रकरण में गंभीरता से जांच की जा रही है, जांच के उपरान्त दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी
प्रभात राय, पुलिस क्षेत्राधिकारी, ओबरा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।