जुमे से आगाज होगा माह-ए-रमजान का, मिलेगा दोबाला
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : हिजरी संवत का पाक माह रमजान का आगाज इस वर्ष जुमा (शुक्रवार) को
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : हिजरी संवत का पाक माह रमजान का आगाज इस वर्ष जुमा (शुक्रवार) को हो रहा है। हफ्ते की ईद कही जाने वाली जुमे से रमजान शुरू होने को इस्लाम के जानकार काफी शुभ मान रहे हैं।
जामा मस्जिद राबर्ट्सगंज के इमाम मोहम्मद अबु नसर ने बताया कि इस्लाम में जुमा व रमजान को विशेष महत्व है। यदि जुमे से रमजान का आगाज होता है तो यह सोने पे सुहागा हो जाएगा। यह दोबाला होगा। यदि इस वर्ष चांद 16 मई को दिखा तो रमजान 29 दिन को होगा तथा यदि चांद का दीदार 17 मई को हुआ तो रमजान 30 दिन को होगा। मुस्लिम समाज के लोगों द्वारा पाक महीने की जोरदार तैयारी की जा रही है। बाजारों में भी रोजा-अफ्तार से संबंधित सामग्रियों की दुकानें सज गयी हैं। हालांकि गर्मी काफी अधिक होने के कारण इस बार रोजा रखना काफी कष्टप्रद होने की संभावना जताई जा रही है। इसके बाद भी रोजेदारों में व्यापक उत्साह देखा जा रहा है। मस्जिदों में हो रही तैयारी
रमजान को लेकर मस्जिदों में जोरदार तैयारी की जा रही है। राबर्ट्सगंज स्थित जामा मस्जिद में तो दो महीने पूर्व से ही निर्माण कार्य चल रहा है। मस्जिद के छत व दीवारों पर शीशे लगाये जा रहे हैं। इमाम अबु नसर ने बताया कि रमजान शुरू होने के पूर्व कार्य पूर्ण हो जाएगा। जनपद के अन्य मस्जिदों की भी साफ-सफाई करायी जा रही है। चांद के दीदार के साथ शुरू हो जाएगी तरावीह
जासं, अनपरा (सोनभद्र) : अनपरा बाजार स्थित नूरिया मोहल्ला मस्जिद के सचिव शहजाद अली ने बताया कि चांद के दीदार के साथ ही मस्जिद में तरावीह शुरू हो जाएगी। अगले दिन से रोजा प्रारंभ होगा। मस्जिद की साफ-सफाई करा दी गयी है। रमजान के पाक महीने में रोजेदारों के बैठने व नमाज अदा करने सहित रोजा इफ्तार की भी व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा रमजान में रोजा रखना अल्लाह का इबादत है। जो किसी कारण से रोजा नहीं रख पा रहे हैं। वे भी रोजा का एहतराम अवश्य करें।