जितेंद्र श्रीवास्तव अध्यक्ष, कृपाशंकर सचिव
दुद्धी बार एसोसिएशन के चुनाव में अध्यक्ष पद पर जितेन्द्र श्रीवास्तव की ताजपोशी हो गयी।उन्होंने कांटे के संघर्ष में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अरुणोदय जौहरी को 10 मतों से शिकस्त देकर विजय हासिल की।
जासं, दुद्धी (सोनभद्र) : दुद्धी बार एसोसिएशन के चुनाव में अध्यक्ष पद पर जितेंद्र श्रीवास्तव को निर्वाचित किया गया। उन्होंने कांटे के संघर्ष में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अरुणोदय जौहरी को 10 मतों से हराया। जबकि सचिव पद पर कृपाशंकर कुशवाहा ने विनोद मिश्रा को 14 मतों से एवं कोषाध्यक्ष पद पर रविद्र कुमार ने पवन दुबे को 10 मतों से पराजित किया।
एल्डर कमेटी के चेयरमैन प्रेमचंद यादव की देखरेख में सुबह 11 बजे से शाम साढ़े तीन बजे तक मतदान कराया गया। कुल तीन पद के लिए 185 सदस्य संख्या वाले दुद्धी बार एसोसिएशन के इस चुनाव में 128 लोगों ने अपने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिसमें अध्यक्ष पद के जितेंद्र श्रीवास्तव को 65 मत, अरुणोदय जौहरी को 55 मत और राजकुमार को पांच मत मिले। इसी प्रकार सचिव पद पर कृपाशंकर कुशवाहा को 68 मत एवं विनोद मिश्रा को 54 मत मिले। कोषाध्यक्ष पद पर रविद्र कुमार को 64 मत एवं पवन दुबे को 54 मत मिले। इस प्रकार अध्यक्ष पद पर जितेंद्र श्रीवास्तव एवं सचिव पद पर कृपाशंकर कुशवाहा और कोषाध्यक्ष पद पर रविद्र कुमार विजयी घोषित किये गए। जबकि वरिष्ठ उपाध्यक्ष के लिए अशोक कुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष 10 वर्ष से ऊपर विपिन बिहारी व आलोक कुमार सिंह, उपाध्यक्ष दो वर्ष से अधिक में वीरेंद्र कुमार व रेनू कुमारी, सह सचिव पुस्तकालय में संतोष कुमार, सह सचिव प्रशासन में धर्मवीर, सह सचिव प्रकाशन में शन्नो बानो एवं सदस्य गवर्निंग काउंसिल दो वर्ष से अधिक में रामसागर निर्विरोध निर्वाचित हुए। परिणाम की घोषणा होते ही विजेताओं के समर्थकों ने उन्हें फूल माला से लाद दिया। चुनाव को सकुशल सम्पन्न कराने में एल्डर कमेटी के सदस्य दिनेश अग्रहरि, सुरेश प्रसाद गुप्ता, रामदुलारे गुप्ता एवं प्रेमचंद जायसवाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एल्डर कमेटी चेयरमैन ने परिणाम की घोषणा की।