इंदूबाला ने राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जीता दो स्वर्ण पदक
गत कई वर्षों से राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में एनसीएल की महिला एथलेटिक्स खिलाड़ी इंदू बाला ने राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में कंपनी की चमक बिखेरी है।
जासं, अनपरा (सोनभद्र) : गत कई वर्षों से राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में एनसीएल की महिला एथलेटिक्स खिलाड़ी इंदूबाला ने राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में कंपनी की चमक बिखेरी हैं। इंदूबाला ने गत पांच से दस फरवरी के बीच आंध्र प्रदेश के गुंटूर में आयोजित 40 वीं राष्ट्रीय मास्टर्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने प्रतियोगिता में 45 वर्ष से अधिक उम्र वर्ग की हैमर थ्रो (तार गोला फेंक) में 30.92 मीटर और डिस्कस थ्रो (चक्का फेंक) स्पर्धा में 30.20 मीटर फेंककर पहला स्थान प्राप्त किया है।
दो स्वर्ण पदक हासिल होने पर अब इंदूबाला मलेशिया में आयोजित होने वाली आगामी एशियन मास्टर्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता की हैमर एवं डिस्कस थ्रो स्पर्धाओं के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। अब वह इस प्रतियोगिता की दोनों स्पर्धाओं में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। इंदूबाला इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर देश के लिए स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। 36 मीटर थ्रो के साथ हैमर थ्रो का वर्तमान एशियन रिकॉर्ड इंदूबाला के ही नाम है।