एंटीबायोटिक का बढ़ता इस्तेमाल, इंसानी शरीर पर बेअसर होने का खतरा गहराया
एंटीबायोटिक दवाओं के बढ़ते इस्तेमाल से उनके बेअसर होने का खतरा गहरा रहा है, जिससे संक्रमण से लड़ना मुश्किल हो रहा है। डॉक्टरों के पर्चे, मरीजों के मनमाने सेवन और अस्पतालों में निगरानी की कमी इस चुनौती को और बढ़ा रही है।

थोड़ा आराम मिलते ही दवा छोड़ने से प्रतिरोधी बैक्टीरिया पर सामान्य एंटीबायोटिक बेअसर।
HighLights
एंटीबायोटिक के अत्यधिक उपयोग से प्रतिरोधक क्षमता बढ़ रही है।
डॉक्टरों के पर्चे और मरीजों का मनमाना सेवन चिंताजनक।
अस्पतालों में निगरानी और जवाबदेही तय करना आवश्यक है।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। संक्रमण से लड़ने वाली एंटीबायोटिक दवाओं का इस्तेमाल बढ़ने के साथ इनके बेअसर होने का खतरा भी गहराता जा रहा है। बुखार, खांसी और सामान्य संक्रमण में इन दवाओं की मांग, पर्याप्त चिकित्सकीय आकलन के बिना दवा लिखने की प्रवृत्ति और मरीजों का मनमाना सेवन इस चुनौती को गंभीर बना रहे हैं। अनियंत्रित इस्तेमाल से बैक्टीरिया में प्रतिरोधक क्षमता विकसित हो रही है।
विश्व एंटीमाइक्रोबियल जागरुकता सप्ताह के बीच दैनिक जागरण इस स्थिति के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रहा है। मामला केवल जागरुकता का नहीं, चिकित्सा व्यवस्था में निगरानी और जवाबदेही का भी है।
चिकित्सकों के पर्चे पर सवाल
क्या हर मरीज को एंटीबायोटिक की जरूरत होती है? वायरल बुखार, सर्दी-जुकाम और सामान्य खांसी में भी कई बार मरीज इन दवाओं की अपेक्षा करते हैं। ऐसे में जरूरी है कि चिकित्सक मरीज के दबाव के बजाय संक्रमण की वास्तविक स्थिति के आधार पर दवा तय करें। बिना जरूरत पर्चे पर जीवनरक्षक दवाएं लिखे जाने से संक्रमण की पहचान और जांच की प्रक्रिया पर भी सवाल उठते हैं।
पूरा कोर्स न लेना गंभीर लापरवाही
मरीजों की मनमानी भी चिंता का विषय है। दवा शुरू करने के बाद थोड़ा आराम मिलते ही उसे छोड़ देना, खुराक में अपनी सुविधा से बदलाव करना या पुरानी पर्ची के आधार पर दोबारा एंटीबायोटिक लेना आम होता जा रहा है। नगर की कई मेडिकल दुकानों पर मरीज बिना सलाह के ये दवाएं खरीदते दिखते हैं। ऐसी बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने की जरूरत है।
नियमों के पालन की जवाबदेही तय हो
अस्पतालों की जवाबदेही भी जरूरी है। एंटीबायोटिक के विवेकपूर्ण इस्तेमाल के लिए एंटीमाइक्रोबियल स्टेवार्डशिप कार्यक्रम कागजों तक सीमित है। ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए कि माइक्रोबायोलाजी विभाग की जांच और विशेषज्ञों की सलाह के बाद ही दवा देने का निर्णय हो। इससे ऐसी स्थिति दोबारा पैदा होने से रोकी जा सकती है।
एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस केवल अस्पतालों या मनुष्यों की समस्या नहीं है। इसका संबंध पशुओं, कृषि और पर्यावरण से भी है। इसलिए इसका प्रयोग बहुत सावधानी से करने की जरूरत है।
डा. राहुल सिंह, असिस्टेंट प्रोफेसर, मेडिसिन विभाग, मेडिकल कालेज।