सोनभद्र में ट्रेलर से टकराकर बाइक चालक की मौत, दो महिला समेत तीन घायल
सोनभद्र के दुद्धी कोतवाली क्षेत्र में कनहर नदी के पास एक ट्रेलर और बाइक की टक्कर में बाइक सवार धर्मेंद्र ...और पढ़ें

सोनभद्र: ट्रेलर से भिड़ी बाइक, एक की मौत और तीन घायल, दुद्धी में हादसा।
HighLights
सोनभद्र में ट्रेलर-बाइक टक्कर में एक युवक की मौत।
दुर्घटना में दो महिलाओं समेत तीन लोग गंभीर घायल।
दुद्धी के जाबर गांव के पास कनहर नदी पर हादसा।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के जाबर गांव में कनहर नदी के पास ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार विंढमगंज थाना क्षेत्र के बरखोहरा गांव निवासी 25 वर्षीय धर्मेंद्र कुमार की मौत हो गई। जबकि एक युवक और दो महिलाएं घायल हो गईं। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी पर मृतक व घायलों के स्वजन मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस अग्रिम कार्रवाई कर रही है। बरखोहरा गांव निवासी दीपक कुमार अगरिया ने बताया कि वह वह अपनी बाइक से गांव में घूम रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसे धर्मेंद्र कुमार मिला। दोनों ने मिलकर बाइक से एक दुकान से गुटखा लिया।
गुटखा लेने के बाद जब वे आगे बढ़े, तो रास्ते में गांव की महिलाएं मंजली और अंजली दोनों मिल गईं। महिलाओं ने उनसे दुद्धी इलाज कराने जाने की बात कही और पेट्रोल का खर्च देने का लालच देकर खुद को भी साथ ले चलने का अनुरोध किया। इसके बाद धर्मेंद्र और दीपक ने दोनों महिलाओं को अपनी बाइक पर बैठा लिया और दुद्धी के लिए निकल पड़े।
कनहर नदी के समीप जाबर गांव में पुरानी बैरियर के पास पहुंचने पर ओवरटेक करने के चक्कर में बाइक की गति अत्यधिक तेज हो गई और सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के राहगीरों ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया।
वहां चिकित्सक डा. मनोहर ने बाइक चालक धर्मेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य तीनों घायलों दीपक, अंजली और मंजली का उपचार जारी है। सूचना पर दुद्धी थाने के उपनिरीक्षक श्याम जी यादव तुरंत पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।