सीओपीडी के मरीज की 45 वर्ष की उम्र में ही 100 साल के बुजुर्ग जैसी हो जा रही फेफड़ों की कार्य क्षमता
बदलती दिनचर्या, प्रदूषण और धूम्रपान के कारण फेफड़े समय से पहले बूढ़े हो रहे हैं, जिससे 45 साल के सीओपीडी ...और पढ़ें

सीओपीडी से 45 की उम्र में ही फेफड़े 100 साल जैसे, जानें कारण और बचाव।
HighLights
फेफड़े 45 की उम्र में 100 साल जैसे हो रहे।
प्रदूषण, धूम्रपान, दिनचर्या फेफड़ों को समय से पहले बूढ़ा कर रहे।
शीघ्र निदान, व्यायाम, सही आहार से सीओपीडी का प्रबंधन।
मुकेश चंद्र श्रीवास्तव, सोनभद्र। कोरोना के कारण फेफड़े पर असर तो पड़ा ही है, जिससे हम सभी अभी पूरी तरह से उबर नहीं पाए हैं। अब बदल रही दिनचर्या, अत्यधिक प्रदूषण एवं धुम्रपान हमारे फेफड़े पर असर डाल रहे हैं। ऐसे में अगर हम समय पर सतर्क नहीं हुए तो फेफड़ा समय से पहले ही बूढ़ा हो जाएगा।
वैसे में अगर कोई सीओपीडी (क्रानिक आब्स्ट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज) का मरीज की 45 वर्ष की उम्र में ही फेफड़े की कार्य क्षमता 100 साल के बुजुर्ग जैसी हो जा रही है। यह समस्या धुम्रपान एवं प्रदूषण के कारण तेजी से बढ़ रही है। सामान्य रूप से 25-30 साल की उम्र के बाद हर व्यक्ति के फेफड़ों की क्षमता हर साल थोड़ी-थोड़ी (लगभग 20-30 मिलीलीटर) कम होती है। लेकिन धूम्रपान या प्रदूषण के कारण सीओपीडी मरीजों में यह गिरावट दोगुनी या तिगुनी रफ़्तार से होती है।
नवंबर के तीसरे बुधवार को को मनाया जाता है यह दिवस
लोगों में जागरूकता लाने के लिए हर साल नवंबर के तीसरे बुधवार को विश्व सीओपीडी दिवस मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य सीओपीडी के बारे में वैश्विक जागरूकता बढ़ाना और मरीजों की देखभाल में सुधार करना है। इस साल यह दिवस 18 नवंबर को मनाया जाएगा, जिसकी थीम ‘बेहतर जीवन के लिए शीघ्र निदान और प्रबंधन’ है। यह इस बात पर जोर देती है कि समय पर पहचान और इलाज बीमारी को बढ़ने से रोक सकते हैं।
ठंड में बढ़ जाती है सीओपीडी मरीजों की सांसों की तकलीफ : डा. नागेंद्र कुमार
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : राजकीय मेडिकल कालेज के पल्मोनरी मेडिसिन विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डा. नागेंद्र कुमार बताते हैं कि सर्दियों का मौसम फेफड़ों की बीमारी सीओपीडी से पीड़ित मरीजों के लिए अधिक परेशानी भरा होता है। ठंड बढ़ने के साथ खांसी, बलगम और सांस फूलने की समस्या भी बढ़ जाती है। समय पर उपचार नहीं मिलने से फेफड़ों की कार्यक्षमता लगातार घटती है, जिसका असर मरीज की जीवन प्रत्याशा पर भी पड़ सकता है।
उन्होंने बताया कि लगातार खांसी, बलगम आना, थोड़ा चलने या सीढ़ियां चढ़ने पर सांस फूलना और सीने में जकड़न इसके प्रमुख लक्षण हैं। ठंड के मौसम में इनकी तीव्रता बढ़ सकती है। उनके पास प्रतिदिन करीब 40 से 50 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। इनमें सांस और फेफड़ों से संबंधित समस्याओं से पीड़ित मरीज भी शामिल रहते हैं। डा. नागेंद्र के अनुसार सीओपीडी के उपचार में इन्हेलर महत्वपूर्ण और प्रभावी विकल्प है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चिकित्सक की सलाह के अनुसार सही तरीके से इन्हेलर का इस्तेमाल करना चाहिए। दवाओं के दुष्प्रभाव भी हो सकते हैं, इसलिए बिना परामर्श के दवा शुरू या बंद नहीं करनी चाहिए।
सीओपीडी में तेजी से कमजोर होती है पैरों की मांसपेशियां
आइएमएस बीएचयू के पल्मोनरी मेडिसिन विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. एसके अग्रवाल बताते हैं कि प्रिज्म सीओपीडी में बदलने का खतरा है। अध्ययनों से पता चलता है कि प्रिज्म से ग्रस्त लगभग 20 से 32 प्रतिशत मरीजों में अगले चार से पांच वर्षों के भीतर पूर्ण सीओपीडी विकसित होने का खतरा रहता है। सीओपीडी के मरीजों में पैरों की मांसपेशियां (विशेषकर जांघ की क्वाड्रिसेप्स मसल्स) सामान्य लोगों की तुलना में बहुत तेजी से कमजोर और बूढ़ी होती हैं, जिसे चिकित्सकीय भाषा में सार्कोपेनिया या मसल वेस्टिंग कहा जाता है।
एक मिनट सिट-टू-स्टैंड से भी मांसपेशियों को मजबूत करने में मिलेगी मदद
प्रो. अग्रवाल बताते हैं कि नियमित रूप से एक मिनट तक सिट-टू-स्टैंड (कुर्सी पर उठना-बैठना) या हल्की उठक-बैठक करने से इन मांसपेशियों को फिर से मज़बूत किया जा सकता है, लेकिन इसे सही और सुरक्षित तरीके से करना बेहद ज़रूरी है। वहीं सांस फूलने के डर से मरीज चलना-फिरना कम कर देते हैं, जिससे पैरों की मांसपेशियों का उपयोग घट जाता है और वे सिकुड़ने लगती हैं। वहीं शरीर में लगातार बनी रहने वाली हल्की सूजन और मांसपेशियों तक पर्याप्त आक्सीजन न पहुंचने के कारण मसल फाइबर तेजी से टूटने लगते हैं।
इस पर भी दें ध्यान
- कुर्सी का सहारा लें, क्योंकि सीधे ज़मीन तक बैठने से घुटनों और दिल पर ज़्यादा दबाव पड़ सकता है। इसके बजाय एक मज़बूत कुर्सी पर बैठें और बिना हाथों का सहारा लिए खड़े हों।
- शुरुआत में 5 से 10 बार करें, बीच में आराम लें, और चिकित्सकों के सुझावों के अनुसार सप्ताह में ती से चार दिन में इसका अभ्यास बढ़ाएं।
- यदि व्यायाम के दौरान चक्कर आएं, सीने में दर्द हो, या आक्सीजन का स्तर गिरने लगे, तो तुरंत रुक जाएं और डाक्टर की सलाह लें।
क्या है पर्स्ड-लिप ब्रीदिंग
- अपनी गर्दन और कंधों को ढीला छोड़ें और नाक से सामान्य सांस अंदर लें। फिर होंठों को सीटी बजाने या मोमबत्ती बुझाने जैसा गोल आकार दें और धीरे-धीरे सांस बाहर छोड़ें। इसके अलावा एक हाथ छाती पर और दूसरा पेट पर रखें, फिर नाक से धीमी सांस लें ताकि छाती के बजाय पेट बाहर की ओर फूले। इसके बाद होंठों को गोल करते हुए पेट को अंदर की ओर दबाकर पूरी हवा धीरे-धीरे बाहर निकालें। किसी भी शारीरिक गतिविधि या व्यायाम के दौरान सांस न रोकें। झुकते या आराम की स्थिति में जाते समय सांस अंदर लें, और प्रयास करते समय पर्स्ड-लिप तरीके से सांस छोड़ें।
यह लें आहार
अपने दैनिक भोजन में पनीर, टोफू, दही, दूध, दालें, राजमा, छोले, सोयाबीन और भुने हुए चने शामिल करें। ये मांसपेशियों की मरम्मत और रखरखाव में मदद करते हैं। यदि आप मांसाहारी हैं, तो अंडे, बिना चर्बी वाला चिकन और मछली बेहतरीन विकल्प हैं, जो शरीर को आवश्यक पोषक तत्व प्रदान करते हैं। वहीं बादाम, अखरोट, मूंगफली और अलसी के बीज शरीर को ऊर्जा प्रदान करने में मदद करते हैं। एक बार में भारी भोजन करने से डायाफ्राम पर दबाव पड़ सकता है और सांस फूलने की समस्या हो सकती है। दिन भर में थोड़े-थोड़े अंतराल पर पौष्टिक आहार लेना अधिक सुविधाजनक हो सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।