सोनभद्र में फर्जी एडमिट कार्ड और नियुक्ति पत्र थमा 55 लाख ठगे, हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
सोनभद्र में रेलवे और एफसीआई में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 55 लाख रुपये ठगने वाले हिस्ट्रीशीटर मनोज कुमार पांडेय को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित इलेक्ट्रानिक डिवाइस से फर्जी प्रवेश पत्र और नियुक्ति पत्र बनाकर बेरोजगारों को ठगता था।

सोनभद्र में 55 लाख की फर्जी नौकरी ठगी मामले में हिस्ट्रीशीटर मनोज पांडेय गिरफ्तार।
HighLights
हिस्ट्रीशीटर मनोज पांडेय 55 लाख की ठगी में गिरफ्तार।
रेलवे, एफसीआई में नौकरी का झांसा देकर ठगी करता था।
फर्जी एडमिट कार्ड, नियुक्ति पत्र बनाकर बेरोजगारों को फंसाया।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। रेलवे और भारतीय खाद्य निगम (एफसीआइ) में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगारों से करीब 55 लाख रुपये ठगने के आरोपित हिस्ट्रीशीटर मनोज कुमार पांडेय को रायपुर पुलिस ने शुक्रवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। आरोपित इलेक्ट्रानिक डिवाइस से फर्जी प्रवेश पत्र और नियुक्ति पत्र तैयार कर अभ्यर्थियों को थमाता था।
पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल और मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, देवरिया निवासी दयानंद शर्मा से एफसीआइ में असिस्टेंट (एजी-III) की नौकरी दिलाने के नाम पर 10 लाख रुपये मांगे गए थे। अलग-अलग किस्तों में आठ लाख 14 हजार रुपये लेने के बाद उसे फर्जी एडमिट कार्ड और नियुक्ति पत्र दे दिया गया।
शेष दो लाख रुपये देने से इंकार करने और रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत पर 26 नवंबर को रायपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। मनोज के गिरफ्तारी की जानकारी शुक्रवार को चुर्क स्थित पुलिस लाइन सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक (आपरेशन) ऋषभ रुणवाल व क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा ने दी।