एल्युमिनियम समेत ट्रक गायब होने के मामले में तह तक पहुंची पुलिस, जल्द होगी गिरफ्तारी
हिंडाल्को से बेंगलुरु जा रहा 34 टन एल्युमिनियम से भरा ट्रक रास्ते से गायब हो गया, जिसकी कीमत 1.63 करोड़ ...और पढ़ें

एल्युमिनियम ट्रक गायब: सोनभद्र पुलिस जांच में जुटी, जल्द होगी गिरफ्तारी।
HighLights
हिंडाल्को का 34 टन एल्युमिनियम ट्रक रास्ते से गायब।
गायब माल की कीमत लगभग 1.63 करोड़ रुपये बताई गई।
पिपरी पुलिस जांच में तेजी, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी संभव।
जागरण संवाददाता, रेणुकूट (सोनभद्र)। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड से देश के अलग-अलग राज्यों के लिए भेजे जाने वाले एल्यूमिनियम की खेप रास्ते से गायब होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब 34 टन 874 किलोग्राम एल्यूमिनियम लेकर बेंगलुरु के लिए निकला एक और ट्रक गायब हो गया है।
गायब माल की कीमत लगभग 1.63 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मामले में पिपरी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी है। थाना प्रभारी का दावा है कि पुलिस टीम मामले की तह तक पहुंच चुकी है और जल्द ही गायब ट्रक, एल्युमिनियम और घटना में शामिल आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
सूरत गुड्स ट्रांसपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड के ब्रांच मैनेजर दुर्गेश कुमार चौबे के अनुसार, 31 अक्टूबर को हिंडाल्को परिसर से करीब 1.63 करोड़ रुपये की लागत का 34 टन 874 किग्रा एल्युमिनियम ट्रक पर लोड कर बेंगलुरु के लिए भेजा गया था। रास्ते से माल समेत ट्रक गायब हो गया।
पुलिस इस मामले में चालक, वाहन स्वामी और अन्य संदिग्ध लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पिपरी थाना प्रभारी अजय श्रीवास्तव ने बताया कि मौजूदा मामले की जांच तेजी से की जा रही है। पुलिस टीम को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जांच काफी आगे बढ़ चुकी है। आरोपियों की गिरफ्तारी तथा गायब माल की बरामदगी के लिए टीम रवाना की गई है। जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
हिंडाल्को से एल्युमिनियम लेकर ट्रकों गायब होने के मामले :
- इससे पहले भी करोड़ों रुपये के माल की हेराफेरी के कई प्रकरण सामने आ चुके हैं। महाराष्ट्र के लिए भेजे गए करीब 91.75 लाख रुपये के एल्युमिनियम सिल्ली गायब होने का मुकदमा दर्ज हुआ था। हावड़ा के लिए भेजे गए 28 टन एल्यूमिनियम की कीमत करीब 83 लाख रुपये थी।
- एक मामले में 24.68 टन एल्युमिनियम वायर राड हरिद्वार के लिए भेजा गया था, लेकिन रास्ते में गायब हो गया। इस मामले में पुलिस ने 20 हजार रुपये के इनामी मुकेश मुंडा को गिरफ्तार किया था।
- लुधियाना के लिए भेजे गए करीब 76 लाख रुपये के एल्युमिनियम चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गौतमबुद्धनगर से गिरफ्तार कर पूरे माल की बरामदगी की थी। जांच में वाहन मालिक और चालक की साजिश के साथ अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई थी।
- इसके अलावा मुंबई के लिए रवाना हुए दो ट्रकों से करीब 1.60 करोड़ रुपये का एल्युमिनियम गायब हुआ था। सितंबर 2024 में एल्युमिनियम चोरी के मामले में पुलिस ने राजा मियां और विद्यासागर मिश्रा को गिरफ्तार किया था। इनके पास से एक चार पहिया वाहन, नकदी और मोबाइल बरामद किया गया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।