सोनभद्र में अगोरी रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी का इंजन खराब, घंटों थमी रहीं ट्रेनें
सोनभद्र के अगोरी रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी के इंजन में तकनीकी खराबी आने से रेल यातायात लगभग ढाई घंटे बाधित ...और पढ़ें

सोनभद्र: अगोरी स्टेशन पर मालगाड़ी का इंजन खराब, घंटों थमी रहीं ट्रेनें।
HighLights
मालगाड़ी के इंजन में तकनीकी खराबी आई।
अगोरी स्टेशन पर ढाई घंटे रेल यातायात बाधित।
कई यात्री ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों पर रुकीं।
जागरण संवाददाता, गुरमा (सोनभद्र)। अगोरी रेलवे स्टेशन पर लोडेड मालगाड़ी के इंजन में तकनीकी खराबी आने से रविवार को रेल यातायात घंटों प्रभावित रहा। इंजन में खराबी के चलते मालगाड़ी स्टेशन पर खड़ी रही, जिसके कारण चोपन से विभिन्न गंतव्यों की ओर जाने वाली कई यात्री ट्रेनें अलग-अलग स्टेशनों और आउटर पर रोकनी पड़ीं। इससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, प्रयागराज-चोपन ट्रेन सुबह 6 बजे चोपन से रवाना हुई, लेकिन अगोरी रेलवे स्टेशन के आउटर पर पहुंचने के बाद करीब 2 घंटे 20 मिनट तक खड़ी रही। वहीं, टाटा-जम्मू एक्सप्रेस सुबह 5:30 बजे से चोपन रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। इसी क्रम में चुर्क रेलवे स्टेशन पर भी ट्रेन सुबह 7 बजे से ही रुकी रही।
बताया जा रहा है कि अगोरी स्टेशन पर मालगाड़ी के इंजन में आई तकनीकी खराबी के कारण रेल परिचालन बाधित हो गया था। इस दौरान चुर्क से लेकर चोपन तक विभिन्न स्थानों पर ट्रेनों को रोकना पड़ा। चुर्क से त्रिवेणी एक्सप्रेस के अगोरी स्टेशन पहुंचने और रेल लाइन क्लीयर होने का इंतजार किया जा रहा था।
आखिरकार सुबह करीब 8:30 बजे रेल लाइन क्लीयर होने के बाद ट्रेनों का परिचालन दोबारा शुरू हो सका। इसके बाद एक-एक कर सभी प्रभावित ट्रेनों को रवाना किया गया। मालगाड़ी के इंजन में आई तकनीकी खराबी के चलते करीब ढाई घंटे तक रेल यातायात प्रभावित रहने से यात्रियों को काफी इंतजार करना पड़ा।