विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हार के बाद भाजपा के सामने सोनभद्र में रणनीति मजबूत करने की चुनौती, छठ बाद सक्रिय होंगे प्रभारी

By Mukesh Chandra Shrivastava Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 13 Nov 2026 11:44 AM (IST)

एमएलसी चुनाव में हार के बाद सोनभद्र में भाजपा को संगठनात्मक दावों की पड़ताल और अंदरूनी खींचतान पर लगाम लगाने ...और पढ़ें

सोनभद्र में एमएलसी चुनाव हार के बाद भाजपा की रणनीति और संगठनात्मक चुनौती।

सोनभद्र में एमएलसी चुनाव हार के बाद भाजपा की रणनीति और संगठनात्मक चुनौती।

HighLights

  1. एमएलसी चुनाव में हार से भाजपा के संगठनात्मक दावे हिले।

  2. छठ के बाद प्रभारी सक्रिय होकर संगठन की नब्ज टटोलेंगे।

  3. आगामी विधानसभा चुनाव में अंदरूनी खींचतान बड़ी चुनौती होगी।

जागरण संवाददाता, सोनभद्र। शिक्षक-स्नातक विधान परिषद चुनाव में मिली हार ने भाजपा के संगठनात्मक दावों की जमीन हिला दी है। जिला प्रभारी मंत्री से लेकर जिला प्रभारी और विभिन्न संगठनात्मक पदों पर बदलाव के बावजूद पार्टी अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सकी।

ऐसे में अब भाजपा संगठन की सक्रियता बढ़ाने के साथ हार के कारणों की पड़ताल में जुटी है। छठ के बाद सभी विधानसभा क्षेत्र प्रभारी, प्रवासी प्रभारी और सेक्टर प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में उतरकर संगठन की नब्ज टटोलेंगे। हालांकि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के सामने केवल सक्रियता बढ़ाने की नहीं, बल्कि अंदरूनी खींचतान पर लगाम लगाने की भी चुनौती होगी।

ओबीसी समीकरण साधने में भी नहीं मिली कामयाबी
सोनभद्र में ओबीसी मतदाताओं के बीच पैठ मजबूत करने के उद्देश्य से स्टांप एवं पंजीयन शुल्क मंत्री रवींद्र जायसवाल की जगह हंसराज विश्वकर्मा को जिला प्रभारी मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। वाराणसी के पूर्व महापौर कौशलेंद्र सिंह पटेल को जिला प्रभारी बनाया गया। दोनों नेताओं से पिछड़े वर्ग के मतदाताओं को साधने और संगठन में नई ऊर्जा भरने की उम्मीद थी। इसके बावजूद एमएलसी चुनाव में पार्टी को सफलता नहीं मिली। ऐसे में इन बदलावों के प्रभाव को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

बदलावों की लंबी फेहरिस्त, नतीजों ने बढ़ाई बेचैनी
जिले में बिंद समाज की अच्छी संख्या को देखते हुए भाजपा पिछड़ा मोर्चा की प्रदेश मंत्री पूजा बिंद को प्रवासी प्रभारी बनाया गया। यहां की महिला जिलाध्यक्ष को भी बदल कर पुष्पा सिंह की जगह आशा विश्वकर्मा को जिम्मेदारी दी गई। इसके अलावा संगठन के कई अन्य पदों पर भी बदलाव हुए।

दावा था कि नए चेहरों के आने से संगठन मजबूत होगा और चुनावी समीकरण पार्टी के पक्ष में बनेंगे। लेकिन परिणाम ने इन दावों की परीक्षा ले ली। चुनाव के दौरान आपसी खींचतान और कुछ नेताओं की संगठन से अधिक व्यक्तिगत छवि चमकाने की कोशिशों की चर्चा भी रही। अब समीक्षा में रणनीति, कार्यकर्ताओं के समन्वय और मतदाताओं से संपर्क की कमजोर कड़ियों को तलाशना होगा।

विधानसभा चुनाव में होगी असली परीक्षा
छठ के बाद प्रभारियों की सक्रियता, संगठनात्मक बैठकों और क्षेत्रवार जिम्मेदारियों पर विशेष जोर रहेगा। आगामी विधानसभा चुनाव में जिले की चारों सीटों पर जीत का लक्ष्य लेकर भाजपा आगे बढ़ने की तैयारी में है। दूसरी ओर सपा की जमीनी सक्रियता पार्टी के लिए चुनौती बढ़ा रही है। ऐसे में भाजपा के लिए संगठनात्मक बदलावों को परिणाम में बदलना जरूरी होगा।

बोले पदाध‍िकारी
जो कमियां रह गई थीं, उनकी समीक्षा कर मजबूती से दूर की जाएगी। आगामी विधानसभा चुनाव में बेहतर जीत के लिए सभी कार्यकर्ता अभी से पूरे मनोयोग से जुट गए हैं। जिले की चारों सीटों पर जीत के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं। - नंदलाल गुप्ता, जिलाध्यक्ष, भाजपा।

एमएलसी चुनाव के परिणाम से साबित हो गया है कि भाजपा सरकार ने कोई काम नहीं किया है। विधानसभा चुनाव में भी भाजपा की नाकामियों और जनविरोधी नीतियों को जनता के सामने रखेंगे। इसी के साथ पार्टी आगे बढ़ेगी। - रामनिहोर यादव, जिलाध्यक्ष, सपा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।