विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनभद्र में शिक्षक के साथ हुए लूटकांड के पांच आरोपित गिरफ्तार, नकदी बरामद

By Digital Desk Edited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 14 Nov 2026 05:53 PM (IST)

सोनभद्र के चकाड़ी पुल के पास शिक्षक और राहगीरों से हुई लूटपाट के मामले में ओबरा पुलिस ने पांच आरोपियों ...और पढ़ें

सोनभद्र लूटकांड का खुलासा, शिक्षक से लूट के पांच आरोपी गिरफ्तार, नकदी और मोबाइल बरामद।

सोनभद्र लूटकांड का खुलासा, शिक्षक से लूट के पांच आरोपी गिरफ्तार, नकदी और मोबाइल बरामद।

HighLights

  1. शिक्षक और राहगीरों से लूटपाट के पांच आरोपी गिरफ्तार।

  2. पुलिस ने लूटी गई नकदी, मोबाइल, मोटरसाइकिलें बरामद कीं।

  3. दो अन्य आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर।

जागरण संवाददाता, ओबरा (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के चकाड़ी पुल के पास बीते गुरुवार शिक्षक व राहगीरों से हुई लूट की वारदात में ओबरा पुलिस ने पांच युवकों को गिरफ्तार कर घटना का राजफाश कर दिया। पकड़े गए आरोपितों के पास से लूट की रकम में शेष 3300 रुपये, दो मोबाइल और दो मोटरसाइकिल भी बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक वारदात में शामिल दो अन्य युवक अभी पकड़ से बाहर हैं, जिनकी तलाश जारी है। बीते 12 नवंबर को चकाड़ी पुल के समीप शिक्षक सुपिंद्र कुमार सिंह सहित तीन राहगीरों को चंदा देने के बहाने रोककर बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की थी। विरोध करने पर आरोपितों ने धमकाते हुए मोबाइल और नकदी छीन लिया था।

घटना के बाद भरहरी निवासी सुपीन्द्र कुमार सिंह की शिकायत पर ओबरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। शुरुआती जांच में खैरटिया निवासी राजू यादव, आशीष जायसवाल और सोनू तिवारी सहित अज्ञात बाइक सवार को आरोपित किया गया था। मामले की छानबीन के बीच पुलिस को 14 नवंबर की रात करीब दो बजे सूचना मिली कि संदिग्ध युवक सेक्टर दस स्थित पुराने पीएसी मैदान के पास इकट्ठा हैं।

पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की तो आरोपित भागने लगे। इस दौरान पांच युवकों को दबोच लिया गया, जबकि दो अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर निकल भागे। गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान सोनू तिवारी, राजू यादव, आशीष जायसवाल, राहुल गुप्ता उर्फ चिन्नी रोटी और रोहित यादव उर्फ राका के रूप में हुई है।

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल सिल्वर रंग की पैशन प्रो और काले रंग की पल्सर बाइक भी कब्जे में ली है। वाहनों के वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने दोनों को एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत सीज कर दिया। आरोपितों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में एसएचओ प्रणय प्रसून श्रीवास्तव, एसआई जयशंकर सिंह, अमित कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

राजू यादव का है पुराना आपराधिक इतिहास
पुलिस जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपित राजू यादव का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ ओबरा थाने में आठ मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2023 में अपहरण और बहला-फुसलाकर ले जाने से संबंधित मामला दर्ज हुआ था। वर्ष 2024 में बलवा, मारपीट और धमकी का मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद वर्ष 2025 में उसके विरुद्ध पांच अलग-अलग मामले दर्ज हुए, जिनमें मारपीट, धमकी और एससी-एसटी एक्ट से जुड़ी धाराएं शामिल हैं। वर्ष 2026 में भी मारपीट और धमकी के आरोप में एक मुकदमा दर्ज हुआ है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।