धान खरीद चालू करने के लिए कल चक्काजाम करेंगे किसान
धान खरीद बंद होने से नाराज किसानों ने बुधवार को पूर्वांचल नव निर्माण मंच के बैनर तले राबर्ट्सगंज नगर स्थित मंडी परिसर में धरना दिया। चेतावनी दी कि खरीद चालू नहीं होने पर 26 फरवरी को वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग को जाम किया जाएगा।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : धान खरीद बंद होने से नाराज किसानों ने बुधवार को पूर्वांचल नव निर्माण मंच के बैनर तले राबर्ट्सगंज नगर स्थित मंडी परिसर में धरना दिया। चेतावनी दी कि खरीद चालू नहीं होने पर 26 फरवरी को वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग को जाम किया जाएगा।
मंच के अध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी ने कहा कि किसानों की ऐसी दुर्दशा दशकों से नहीं देखी गई। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा करने वाले मुख्यमंत्री छलावा कर रहे हैं। भाजपा सरकार में किसानों का शोषण किया जा रहा है। कहा कि जिले के किसानों की धान खरीद गुरुवार तक चालू नहीं हुई तो 26 फरवरी को दोपहर बारह बजे से एक बजे तक राजश्री सिनेमा हाल के सामने वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर चक्का जाम किया जाएगा। मंच के जिलाध्यक्ष शनि मिश्रा ने कहा महीनों से धान लेकर खड़े किसान सरकार की दोषपूर्ण नीति के कारण आज मानसिक रूप से परेशान होकर औने-पौने दाम पर धान बेचने को मजबूर हैं। उपाध्यक्ष गिरीश पांडेय ने धान खरीद सुनिश्चित कराने के लिए खाद्य रसद विभाग को ईमेल के जरिए पत्र भेजकर धान खरीद कराए जाने की मांग की। लवकुश पटेल, राममूरत, अजय, सुनील कुमार, नंदलाल, प्रशांत सिंह, बेचू सिंह, रामसूरत, कन्हैया सिंह, जालिम सिंह, सत्येंद्र सिंह, विनोद मौर्य, बृजनंदन मौर्य, अवधेश, विनोद पांडेय, मनोज शुक्ला, सुभाष चंद्र, ओमप्रकाश सिंह आदि थे।
वहीं दूसरी तरफ जिला किसान कांग्रेस कमेटी की बैठक बुधवार को जिला कार्यालय पर संपन्न हुई। अध्यक्षता कर रहे किसान कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार सिंह पटेल ने बताया कि 28 फरवरी को किसान महासम्मेलन का आयोजन होना है। इसमें सैकड़ों की संख्या में किसान देवरिया के लिए कूच करेंगे। प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र आंनद मिश्रा ने कहा कि किसानों की समस्याएं बढ़ती जा रही है। केंद्र और यूपी सरकार अन्याय कर रही है। तीन काले कानून लाकर मोदी सरकार कुछ उद्योगपति मित्रों को फायदा पहुंचाने का काम करना चाहती है।