सोनभद्र में सोलर शोरूम से 4.50 करोड़ रुपये के माल और धनराशि का गबन, चार पर मुकदमा
सोनभद्र के हनुमत सोलर हाउस में 4.50 करोड़ रुपये के माल और धनराशि के गबन का मामला सामने आया है। ...और पढ़ें

सोनभद्र में सोलर शोरूम से 4.5 करोड़ का गबन, चार कर्मचारियों पर केस।
HighLights
सोनभद्र के सोलर शोरूम से 4.5 करोड़ का गबन।
प्रबंधक, अकाउंटेंट समेत चार कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज।
आरोपी कर्मचारियों ने नई दुकान खोल ली गबन से।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के कम्हारी स्थित हनुमत सोलर हाउस के संचालक विकास सिंह ने अपने ही चार कर्मचारियों पर करीब 4.50 करोड़ रुपये के माल और धनराशि के गबन का आरोप लगाया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने हरि गोविंद सिंह पटेल, वीरेंद्र प्रताप केसरी, दीपक सिंह पटेल व इंद्रेश सिंह पटेल के विरुद्ध धोखाधड़ी, गबन और अमानत में खयानत के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
मीरजापुर के चुनार थाना क्षेत्र के अदलपुरा निवासी विकास सिंह की कम्हारी में धर्मशाला शाहगंज रोड पर हनुमत सोलर हाउस नाम से इलेक्ट्रानिक्स एवं फर्नीचर की दुकान है। उनका आरोप है कि बाहर रहने के कारण दुकान के संचालन की जिम्मेदारी प्रबंधक हरि गोविन्द सिंह पटेल, अकाउंटेंट वीरेंद्र प्रताप केसरी तथा माल और गोदाम का काम देखने वाले दीपक सिंह पटेल और इंद्रेश सिंह पटेल के जिम्मे थी।
दुकान की खरीद-बिक्री, आय-व्यय और माल का पूरा हिसाब-किताब इन्हीं लोगों के पास रहता था। चारों ने आपस में मिलीभगत कर वर्ष 2024 से अब तक दुकान और गोदाम में हुई खरीद-बिक्री तथा धनराशि का हिसाब नहीं दिया।
करीब 4.50 करोड़ रुपये का हिसाब मांगने पर भी कोई जानकारी नहीं दी गई। आरोप है कि तीन सितंबर 2026 को वादी के दिल्ली जाने के दौरान चारों दुकान और गोदाम बंद कर शोरूम में ताला लगाकर चाबी फेंककर फरार हो गए। गबन की गई धनराशि से ही छह सितंबर को कम्हारी में सोलर आदि की नई दुकान खोल ली। पुलिस जांच कर रही है।