गरीब बच्चों में सामानों का वितरण, जानी समस्या
पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने राबर्ट्सगंज कोतवाली क्ष
जागरण संवाददाता, मधुपुर (सोनभद्र) : पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय नागनार हरैया में कम्युनिटी पुलिसिग कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को ग्रामीणों से रूबरू हुए।
जनपद के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में कम्युनिटी पुलिसिग शिविर के माध्यम से गरीबों की मदद कर रही है। प्राथमिक विद्यालय नागनार हरैया में आयोजित जनचौपाल में गरीब, असहाय व महिलाओं के बीच एक सौ कंबल, बच्चों को पठन-पाठन के लिए 50 बैग, उतना ही स्टेशनरी एवं युवाओं को 10 वालीबाल व उतना ही नेट का वितरण किया गया। एसपी ने ग्रामीणों से वार्ता कर उनकी मूलभूत समस्याओं के बारे में जानकारी की। उन्होंने उनकी हर समस्याओं का निराकरण कराए जाने का भरोसा दिलाया। अपील की गयी कि भयमुक्त होकर किसी के बहकावे में न आते हुए मुख्य धारा में रहकर पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें। स्थानीय पुलिस को भी जनता से मृदुल व्यवहार रखते हुए उनकी शिकायतों व समस्याओं का त्वरित एवं विधिक निस्तारण किए जाने की हिदायत दी गई। इसके अलावा बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देते हुए उन्हें अच्छी शिक्षा उपलब्ध कराये जाने के लिए प्रेरित किया गया। ग्रामीणों को पुलिस व प्रशासन की विभिन्न सरकारी योजनाओं व टोल फ्री नंबर जैसे डायल 112, 108, 1090, 102, 1098 आदि के प्रति जागरूक किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा मिशन नारी सशक्तिकरण के बारे में स्थानीय लोगों को जानकारी देने के साथ ही वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन एवं अन्य सरकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी नगर राजकुमार त्रिपाठी, प्रभारी निरीक्षक राबर्ट्सगंज अंजनी कुमार राय, चौकी प्रभारी सुकृत कृष्ण कुमार राय आदि मौजूद रहे।