प्रदेश में बढ़ रही बेरोजगारी के विरोध में प्रदर्शन
जागरण संवाददाता सोनभद्र समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रविवार को राबर्ट्सगंज नगर स्थि
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रविवार को राबर्ट्सगंज नगर स्थित पन्नूगंज मार्ग पर प्रदेश में बढ़ रही बेरोजगारी के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा सरकार पर जनता का शोषण किए जाने का आरोप लगाया।
पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने कहा कि भाजपा ने कहा था कि प्रदेश में सरकार बनते ही 70 लाख लोगों को नौकरी दी जाएगी, लेकिन योगी सरकार के पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा होने वाला है और प्रदेश में तेजी से बेरोजगारी बढ़ी है। जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा की केंद्र व प्रदेश में भाजपा की सरकार है उसके बाद भी महंगाई व बेरोजगारी बढ़ी है। सरकार सिर्फ कागजों में बेरोजगारी महंगाई दूर कर रही है। पढ़े लिखे युवा बेरोजगार होकर घूम रहे हैं। प्रदेश की भाजपा सरकार केवल झूठे सपने दिखाकर वोट लेने का काम करती है। लोकतंत्र में कोई भी आवाज उठाता है तो उसको कुचलने का काम सरकार कर रही है। पूर्व नगर सचिव मनीष त्रिपाठी ने कहा की इस समय महंगाई चरम सीमा पार कर गई है। इससे आम जन मानस परेशान है। इस मौके पर गोपाल गुप्ता, मोती कोल, इकबाल, सरोज सिंह, चंदन केसरी, कामरान खान, अशोक पटेल, मुन्ना भारती, राजा यादव, शिया राम यादव, सोनू यादव आदि थे। कार्यकम का संचालन हीरा पटेल ने किया।