पर्चा बांटकर सीएए के प्रति किया जागरूक
भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मवीर तिवारी के नेतृत्व में राबर्ट्सगंज स्थित धर्मशाला चौक पर नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में जन जागरण अभियान चलाकर लोगों को जागरुक किया। इस दौरान लोगों को बताया गया कि सीएए से किसी की भी नागरिकता समाप्त नहीं होगी।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मवीर तिवारी के नेतृत्व में राबर्ट्सगंज स्थित धर्मशाला चौक पर नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में जन जागरण अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया। इस दौरान लोगों को बताया गया कि सीएए से किसी की भी नागरिकता समाप्त नहीं होगी।
पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मवीर तिवारी ने कहा कि नागरिकता में संशोधन कर देश के प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र मोदी ने ऐतिहासिक कार्य किया है। देश के विभाजन से अब तक विभाजन का दंश झेल रहे करोड़ों गैर मुस्लिम समुदाय के लोगों को पहली बार देश की नागरिकता दी गई है। इससे देश के अंदर पाकिस्तान, बांग्लादेश तथा अफगानिस्तान से प्रताड़ना झेलने वाले करोड़ों शरणार्थियों को देश का नागरिक बनाकर जीवन जीने का एक अवसर प्राप्त हुआ है। कहा कि दशकों से इन पर हो रहे जुल्म को केंद्र की सरकार ने समझा है। पूर्व की सरकारों में भी अनेक बार केवल एक विषय वर्ग के लिए ही नागरिकता में संशोधन किया गया। कहा कि पहली बार नागरिकता संशोधन के मुद्दे पर विपक्षी दलों द्वारा एक होकर इसका विरोध समझ से परे है। प्रधानमंत्री द्वारा देश हित में लिए गए अनेक निर्णयों से परेशान होकर विपक्ष हताश और निराशा में विरोध प्रदर्शन कर देश का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहा हैं। सैद्धांतिक रूप से एक दूसरे का विरोधी होने का दावा करने वाले दल आज एकजुट होकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।
कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर घर-घर जाकर सीएए के बारे में लोगों को जागरुक करेंगे। इसमें आशुतोष चतुर्वेदी, अरविद पांडेय, मनीष अग्रहरी, प्रकाश श्रीवास्तव, प्रशांत चौबे, योगेश सिंह, अनुराग श्रीवास्तव, धीरेंद्र पांडेय, सतीश पांडेय, विवेक त्रिपाठी, दिलीप चौरसिया, संतोष सिंह, प्रशांत चौरसिया, किशोर सिंह पटेल आदि रहे।