ऊर्जाचंल की सब्जी मंडियों में उमड़ रही भीड़
कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए लॉकडाउन-4 चल रहा है। विभिन्न क्षेत्रों के मजदूर व अन्य लोगो की वापसी अपने घरों की ओर हो रही हैं।
जासं, अनपरा (सोनभद्र) : कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए लॉकडाउन-4 चल रहा है। विभिन्न क्षेत्रों के मजदूर व अन्य लोग घर वापसी कर रहे हैं। इससे क्षेत्र में संक्रमण का खतरा मंडरा रहा है। लोग लॉकडाउन के नियमों की अवहेलना कर शारीरिक दूरी का पालन करने के प्रति गंभीर नहीं नजर आ रहे हैं। बैंकों से लेकर सब्जी मंडी तक लॉकडाउन का खुला उल्लंघन हो रहा है। जिला प्रशासन द्वारा आम लोगों को सहूलियत देने के लिए रोस्टर से दुकानें खोलने की अनुमति दी गई हैं। लेकिन लोग लॉकडाउन के नियमों के प्रति गंभीर नहीं दिख रहे हैं। अनपरा-शक्तिनगर के सब्जी बाजारों में उमड़ रही भीड़ इसकी बानगी हैं। सुबह होते ही सब्जी मंडी में भीड़ एकत्रित हो जा रही है। हालत इतनी बदतर हो जा रही हैं कि बाजार में जाम लग जा रहा हैं। अनपरा चौराहे पर सुबह-शाम तक भीड़ रहती है। चौराहे पर बैंक के नीचे भी लोगों की भीड़ इकट्ठा रहती है। शक्तिनगर संडे मार्केट का भी यहीं हाल है। लोग एकदम लापरवाह होते जा रहे हैं। कालोनी व बाजार में देर शाम तक लोग घूमते नजर आते हैं। जनपद कोरोना महामारी से अछूता भी नहीं हैं। समय रहते जिला प्रशासन इस ओर गंभीर नहीं हुआ तो बाद में सभी के लिए परेशानी का सबब बन सकता है। रविवार की शाम अनपरा बाजार में स्थानीय पुलिस ने बाइक से रूट मार्च निकालकर लोगों को लॉकडाउन के नियमों का पालन करने का संदेश दिया लेकिन लोग अपने मनमानी पर उतारू हैं।