सोनभद्र में रेलवे क्रासिंग के पास नाले की ढलाई ढही, डायवर्जन मार्ग पर हादसे का खतरा
सोनभद्र के राबर्ट्सगंज रेलवे क्रासिंग के पास रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के लिए बने डायवर्जन मार्ग पर नाले की आरसीसी ढलाई ...और पढ़ें

सोनभद्र में रेलवे ओवरब्रिज डायवर्जन मार्ग पर नाले की ढलाई ढही हादसे का खतरा बढ़ा।
HighLights
राबर्ट्सगंज रेलवे क्रासिंग के पास नाले की ढलाई गिरी।
रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के डायवर्जन मार्ग पर हादसा।
संकरे रास्ते और वाहनों के दबाव से दुर्घटना आशंका।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। राबर्ट्सगंज रेलवे क्रासिंग के पास रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण के चलते बनाए गए डायवर्जन मार्ग पर हादसे का खतरा बढ़ गया है। सोमवार की भोर में ट्रैक्टर गुजरने के दौरान क्रॉसिंग की पूरब दिशा में दक्षिणी पटरी पर बने नाले की आरसीसी ढलाई भरभराकर गिर गई।
संयोग रहा कि उस समय कोई इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि ढलाई गिरने से आवागमन करने वालों के सामने नई मुसीबत खड़ी हो गई है। आरओबी का निर्माण कई महीनों से चल रहा है। इसके चलते वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से निकाला जा रहा है। नाले की क्षतिग्रस्त ढलाई ठीक डायवर्जन मार्ग के मुहाने पर है।
एहतियातन इसके चारों तरफ लोहे की बैरिकेडिंग की गई है, लेकिन संकरे रास्ते और वाहनों के दबाव को देखते हुए यह पर्याप्त नहीं है। जाम के दौरान दोपहिया और छोटे चारपहिया वाहनों को निकलने में काफी परेशानी होती है। ऐसे में दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
डायवर्जन के तहत राबर्ट्सगंज की तरफ से आने वाले दोपहिया और छोटे चारपहिया वाहनों को महिला थाने के पास हाइडिल फील्ड के बगल से रेलवे स्टेशन मार्ग पर निकाला जा रहा है।
क्रासिंग पार करने के बाद सड़क की दक्षिणी पटरी से आगे बढ़ने की व्यवस्था है। यह रास्ता पहले से ही काफी संकरा है। वहीं रामगढ़ की तरफ जाने वाले वाहनों को मेहुड़ी नहर और मेहुड़ी प्लांटेशन के रास्ते रेलवे क्रॉसिंग के पास से निकाला जा रहा है।