विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जामपानी में बनेगा सीएम माडल कंपोजिट विद्यालय, प्री-प्राइमरी से 12 वीं तक मिलेगी शिक्षा

By Prashant Kumar Shukla Edited By: Abhishek sharma
Published: Mon, 23 Nov 2026 05:58 PM (IST)

सोनभद्र के दुद्धी तहसील के जामपानी में 25.28 करोड़ रुपये की लागत से मुख्यमंत्री माडल कंपोजिट विद्यालय का निर्माण शुरू हो रहा है। यह विद्यालय प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक की शिक्षा एक ही परिसर में प्रदान करेगा, जिसमें आधुनिक शैक्षिक सुविधाएं होंगी।

25.28 करोड़ की लागत वाले विद्यालय में बदलेगी शिक्षा की तस्वीर, 25 नवंबर से शुरू होगा निर्माण।

25.28 करोड़ की लागत वाले विद्यालय में बदलेगी शिक्षा की तस्वीर, 25 नवंबर से शुरू होगा निर्माण।

HighLights

  1. जामपानी में 25.28 करोड़ का सीएम माडल कंपोजिट विद्यालय।

  2. प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक की शिक्षा एक ही परिसर में।

  3. स्मार्ट क्लासरूम, लाइब्रेरी, रोबोटिक्स लैब जैसी आधुनिक सुविधाएँ।

जागरण संवाददाता, सोनभद्र। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के दावों के बीच अब दुद्धी तहसील के जामपानी में 25.28 करोड़ रुपये की लागत से मुख्यमंत्री माडल कंपोजिट विद्यालय आकार लेने जा रहा है। 25 नवंबर से शुरू होने वाला यह निर्माण सिर्फ एक नए स्कूल का निर्माण नहीं, बल्कि ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था को एक ही परिसर में नई सुविधाओं से जोड़ने की पहल है। यहां प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक पढ़ाई की व्यवस्था होगी। यानी छोटे बच्चों की शुरुआती शिक्षा से लेकर इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई के लिए विद्यार्थियों को अलग-अलग विद्यालयों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।

25 करोड़ से अधिक का बजट, सीएंडडीएस को जिम्मेदारी
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि विद्यालय निर्माण की जिम्मेदारी सीएंडडीएस को सौंपी गई है। परियोजना पर 25 करोड़ 28 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। निर्माण कार्य 25 नवंबर से प्रारंभ कराया जाएगा। विद्यालय को आधुनिक शैक्षिक जरूरतों के अनुरूप विकसित करने की योजना है। हालांकि, इस परियोजना की वास्तविक उपयोगिता निर्माण के साथ शिक्षकों की उपलब्धता, नियमित कक्षाओं और सुविधाओं के प्रभावी संचालन पर भी निर्भर करेगी।

किताबी पढ़ाई से आगे बढ़ेगा तकनीकी ज्ञान
विद्यालय में स्मार्ट क्लासरूम के माध्यम से डिजिटल पढ़ाई होगी। पुस्तक अध्ययन के लिए लाइब्रेरी, कंप्यूटर लैब और विज्ञान एवं रोबोटिक्स की शिक्षा के लिए माड्यूलर कंपोजिट लैब बनाई जाएगी। इससे विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित रहने के बजाय प्रयोग और तकनीक के माध्यम से सीखने का अवसर मिलेगा। पूरे परिसर में वाईफाई और आनलाइन सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था भी होगी।

बाल वाटिका से इंटरमीडिएट तक एक ही छत
छोटे बच्चों की शुरुआती सीख को मजबूत करने के लिए बाल वाटिका बनाई जाएगी। पोषण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए न्यूट्रिशन गार्डन विकसित होगा। शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए स्टाफ रूम भी बनाया जाएगा। खास बात यह है कि एक ही परिसर में सभी स्तर की शिक्षा उपलब्ध होने से ग्रामीण परिवारों को बच्चों के दाखिले और आगे की पढ़ाई के लिए अलग-अलग संस्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।