सोनभद्र में क्लोरीन गैस रिसाव ने छीन ली श्रमिक की जिंदगी, ओबरा 'सी' परियोजना में सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
सोनभद्र के ओबरा 'सी' तापीय परियोजना में क्लोरीन गैस रिसाव से एक संविदा श्रमिक गोविंद प्रसाद की मौत हो गई। ...और पढ़ें

ओबरा 'सी' परियोजना में क्लोरीन गैस रिसाव से श्रमिक की मौत सुरक्षा पर उठे सवाल।
HighLights
ओबरा 'सी' परियोजना में क्लोरीन गैस रिसाव से हादसा।
संविदा श्रमिक गोविंद प्रसाद की इलाज के दौरान मौत।
परियोजना में श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न।
जागरण संवाददाता, ओबरा (सोनभद्र)। ओबरा 'सी' तापीय परियोजना में सुरक्षा व्यवस्था की कथित अनदेखी एक संविदा श्रमिक की जिंदगी पर भारी पड़ गई। क्लोरीन गैस के रिसाव की चपेट में आए गोविंद प्रसाद (50) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उनकी मौत से न केवल परिवार का सहारा छिन गया, बल्कि परियोजना में संविदा श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
परियोजना कालोनी के सेक्टर एक निवासी गोविंद संविदा कंपनी संतोष इंफ्रा पावर प्राइवेट लिमिटेड में डब्ल्यूटीपी सहायक के पद पर कार्यरत थे। जानकारी मुताबिक़ सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे परियोजना के क्लोरिनेशन प्लांट में क्लोरीन गैस रिफिलिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान वाल्व से अचानक क्लोरीन गैस का तेज रिसाव होने लगा।
वहां कार्य कर रहे गोविन्द प्रसाद जहरीली गैस की चपेट में आ गए और उनकी आंखों में तेज जलन होने के साथ ही सांस लेने में परेशानी होने लगी। उनकी चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद सहकर्मी उन्हें तत्काल परियोजना अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय मेडिकल कालेज रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
गोविन्द की मौत के बाद परिवार के सामने आजीविका का संकट गहरा गया है। वह परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। पत्नी बेबी गृहिणी हैं। उनके एक बेटा और एक बेटी हैं। पिता की मौत से बच्चों के सिर से साया उठ गया है, वहीं परिवार के सामने भरण-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
इस हादसे ने एक बार फिर परियोजना में संविदा श्रमिकों की सुरक्षा, जिम्मेदारी और जवाबदेही को लेकर प्रबंधन की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एसएचओ प्रणय प्रसून श्रीवास्तव ने बताया कि स्वजन से मिली सूचना के आधार पर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।