नहाय-खाय के साथ सूर्य उपासना का महापर्व छठ शुरू, आस्था में डूबा सोनांचल
सोनभद्र में नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व शुरू हो गया है, जिसमें महिलाएं व्रत रख रही हैं। बाजारों ...और पढ़ें

सोनभद्र में नहाय-खाय से छठ महापर्व का शुभारंभ, बाजार गुलजार और घरों में तैयारियां तेज।
HighLights
नहाय-खाय के साथ सोनभद्र में छठ महापर्व का आगाज।
बाजारों में पूजा सामग्री और फलों की जमकर खरीदारी।
प्रशासन ने छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। डाला छठ महापर्व का चार दिवसीय पूजा नहाय खाय के साथ शुक्रवार से शुरू हो गया। महिलाएं शाम को नहाकर लौकी चावल व चना खाकर महिलाएं व्रत शुरू कीं। छठ करने वालों के घरों में छठ के पारंपरिक गीत बजने शुरू हो गए हैं। छठ महापर्व पर वेदी का निर्माण तेजी हो रहा है।
स्वजन घाट पर घेर कर वेदी का रंगरोगन कर रहे हैं। महिलाएं शाम को नहाकर लौकी बिना तेल की बनाएंगी। उसके चावल व चने के साथ खाकर व्रत का शुरुआत करेंगी। उसके अगले दिन रविवार को खरना व्रत रहेंगी और घाट पर दीप जलाकर घर नए चावल और गुड़ का प्रसाद बनाकर ग्रहण करेंगी। इसके अगले दिन रविवार को डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर सोमवार को सुबह उगते सूर्य अर्घ्य देकर व्रत का पारण करेंगी।
छठ के लिए सजीं दुकानें, खरीदारों की भीड़
छठ पूजा शुक्रवार को नहाय खाय के साथ शुरू हो गया। छठ पूजा के लिए बाजार में खरीदारी शुरू हो गई। शीतला माता मंदिर, धर्मशाला चौक, पन्नूगंज रोड समेत मुख्य बाजारों में भीड़ बढ़ गई। मुख्य बाजार में सूप, दउरा, पूजा साम्रगी, फल की दुकानें सजी हैं।
लोग सामानों की सूची बनाकर सबसे पहले साड़ी, गमछा, एकरंगा समेत अन्य सामानों की खरीदारी कर रहे हैं। इसके बाद पूजा पर चढ़ाने वाला कसोरा, दीया, लालता, पंचमेवा, आटा, चीनी, नारियल, रंग समेत अन्य सामग्री खरीद कर रख लेने की जल्दी में हैं। इसके बाद फल और फूल, मिठाई की खरीदारी अधिकतर लोग एक दिन पहले अथवा मुख्य अर्घ्य के दिन ही करते हैं। जगह-जगह गन्ने का बोझ बाजार में आ गया है।
निरीक्षण कर दिए निर्देश
विंढमगंज : छठ को सकुशल संपन्न कराने को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। गुरुवार को दुद्धी एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता और सीओ विनय प्रभाकर साहनी ने सन क्लब सोसायटी के अध्यक्ष शिवम मद्धेशिया के साथ सततवाहिनी नदी के छठ घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाट पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, बैरिकेडिंग, बिजली और पार्किंग की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने घाट पर गहराई वाले स्थानों को चिन्हित कर बैरिकेडिंग व चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।
कश्मीर के सेब से महाराष्ट्र के अंगूर तक सजे बाजार,
लोक आस्था के महापर्व छठ की दस्तक के साथ ही सोनभद्र के बाजार फलों की खुशबू और रौनक से गुलजार होने लगे हैं। दुकानों पर कश्मीर और हिमाचल के सेब, महाराष्ट्र के अंगूर-अनार और बिहार-महाराष्ट्र के केले सज गए हैं। छठ में फलों का विशेष महत्व होने के कारण इनकी खरीदारी जोर पकड़ने लगी है। केला, नारियल, गन्ना और अन्य मौसमी फलों की मांग को देखते हुए कारोबारी बाहर की मंडियों से पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने में जुटे हैं।
फल विक्रेता जितेंद्र सोनकर और विजय केशरी ने बताया कि छठ को लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों से फल मंगाए जा रहे हैं। बाजार में सेब 120, अमरूद 80, अंगूर 280, अनार 180, पपीता 40, केला 60 से 70 और शरीफा 140 रुपये किलो बिक रहा है। वहीं नाशपाती 180 से 280, खरबूजा 80 और शारदा 200 रुपये किलो है। नारियल 40 और जटा नारियल 60 रुपये प्रति पीस मिल रहा है। दुकानदारों को उम्मीद है कि अर्घ्य का दिन नजदीक आने के साथ खरीदारी और तेज होगी। इसके लिए दुकानों पर फलों का पर्याप्त स्टाक रखा जा रहा है।
सूप-दउरा से सजी दुकानें, पूजन सामग्री की बढ़ी मांग
फलों के साथ पूजन सामग्री और बांस से बने पारंपरिक सामानों की दुकानों पर भी रौनक है। विक्रेता शिवम केशरी के मुताबिक कोसी 50, परई 20, सूप 120 से 160 और दउरी 200 से 250 रुपये प्रति पीस बिक रही है। मिट्टी के दीये 80 रुपये सैकड़ा मिल रहे हैं। सिंदूर, रोरी, रंग और एंगूर की भी खरीदारी हो रही है। बाजार में शाम के समय विशेष चहल-पहल दिखाई दे रही है।
ठेकुआ के लिए गेहूं धोने-सुखाने में जुटीं महिलाएं
बाजार में खरीदारी के साथ घरों में भी छठ की तैयारियां तेज हो गई हैं। व्रती महिलाएं ठेकुआ सहित अन्य प्रसाद बनाने के लिए गेहूं को साफ कर धोने और धूप में सुखाने में जुटी हैं। पूरी तरह सूखने के बाद इसकी पिसाई कराई जाएगी। शुद्धता और पवित्रता का ध्यान रखते हुए कई परिवार अलग चक्की से आटा पिसवाने की तैयारी कर रहे हैं। घरों में छठ गीतों के बीच चल रही तैयारियां पर्व के उल्लास को और बढ़ा रही हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।