सोनभद्र में चार दिन से लापता बालक का पानी में उतराया मिला शव, हत्या की आशंका
सोनभद्र के गुरमा में चार दिन से लापता तीन वर्षीय विशाल सिंह का शव एक बंद खदान के पानी में ...और पढ़ें

सोनभद्र में लापता बालक का शव खदान में मिला हत्या की आशंका।
HighLights
गुरमा में चार दिन से लापता बालक का शव मिला।
बंद खदान के पानी में उतराया मिला तीन वर्षीय विशाल।
पुलिस ने हत्या की आशंका पर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया।
जागरण संवाददाता, गुरमा (सोनभद्र)। चुर्क गुर्मा नगर पंचायत के वार्ड नौ गुर्मा आदिवासी बस्ती से पिछले चार दिनों से लापता तीन वर्षीय विशाल सिंह का शव रविवार की सुबह उसके घर से कुछ दूर बंद खदान में पानी में उतराया मिला। उधर से गुजर रहे लोगों ने शव देख मामले की जानकारी स्वजन और पुलिस काे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से निकलवाकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी।
मृतक के सिर व गर्दन में चोट के निशान की चर्चा के साथ हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने भी हत्या की पुष्टि की है और मृतक के पास के रहने वाले एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वार्ड नौ निवासी राम सिंह का तीन वर्षीय पुत्र विशाल सिंह बुधवार की रात घर में सोया था।
उसकी मां मंजू देवी उस दिन घर पर नहीं थी। विशाल की दादी जमुना देवी ने बताया कि विशाल रात में घर में सोते समय से ही गायब हुआ। उसकी मां चार बजे भोर में घर आई तो विशाल के गायब होने की जानकारी मिली। काफी देर तक तलाश के बाद जब उसका पता नहीं चला तो बुधवार को ही स्वजन ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद से पुलिस और उसके स्वजन उसकी तलाश में जुटे थे। रविवार की सुबह कुछ लोग पूर्व के सीमेंट फैक्टरी गुर्मा के बंद खदान की ओर गए तो देखा कि खदान में भरे पानी में बालक का शव उतराया हुआ है। इस पर लोगों ने स्वजन के साथ ही पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना पर चोपन थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता, गुर्मा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक के स्वजन में चींख पुकार मच गई है। विशाल अपने माता पिता के पांच पुत्र और एक पुत्री में सबसे छोटा था। चोपन थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता ने बताया कि मृतक के शव पर चोट के निशान मिले हैं। उसकी हत्या की आशंका पर उसके पड़ोस के ही व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना के कारण के बारे में भी जांच की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।