रामगढ़ का ब्लाक रोड तालाब में तब्दील
देश को स्वच्छ रखने का रोजाना आवाज बुलंद की जा रही है।
जागरण संवाददाता, रामगढ़ (सोनभद्र) : देश को स्वच्छ रखने का रोजाना आवाज बुलंद की जा रही है। हालात इस कदर बिगड़े हैं कि जिला मुख्यालय से चंद दूरी पर स्थित रामगढ़ बाजार के ब्लाक रोड पर लोग गंदे पानी से होकर गुजरने के लिए बाध्य हो रहे हैं। इसके विरुद्ध कई बाद शिकायतें हुईं लेकिन, जिम्मेदारों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। आवाज आज भी बुलंद की जा रही है। आक्रोश पनप रहा है। फिर भी जिम्मेदार मौन साधे हुए हैं। अब तो आम नागरिक बड़े आंदोलन के मूड में है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत रामगढ़ से सिलथम तक पांच किलोमीटर सड़क कार्यदाई संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की तरफ से वर्ष 2016-17 में बनवाया गया था। रामगढ़ बाजार से ब्लाक कार्यालय तक स्टोन पीचिग का कार्य कराया गया है। उसके बाद पिच रोड बनाई गई है। हालत यह है रामगढ़ से ब्लाक कार्यालय तक पानी का जलजमाव वर्ष भर बना रहता है। इससे दुकानदारों के साथ ही आवागमन करने वाले ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों की दुर्गंध युक्त व कीचड़ से सने मार्ग पर जाना मजबूरी है। ब्लाक रोड पर ग्रामीण बैंक, स्कूली बच्चों के कोचिग सेंटर, बाल विकास परियोजना कार्यालय, राजकीय पशु चिकित्सालय, बालिका इंटर कॉलेज समेत अन्य सरकारी भवन है। उक्त मार्ग से प्रतिदिन पहाड़ी ग्रामीण अंचलों के दर्जनों सवारी वाहन चलते हैं। लबालब कीचड़ भरे मार्ग से आवागमन करने में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। प्रतिक्रिया::-
सड़क पर कीचड़ रहने से दुकानदारी काफी प्रभावित होती है। इससे वाहनों के आवागमन के दौरान उनसे पड़ने वाले कीचड़ के छींटे से सामान भी नुकसान होता है। शिकायत के बाद भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
-संगम केशरी, रामगढ़। ब्लाक रोड रामगढ़ कस्बे के लिए अभिशाप है। बाजार से ब्लाक कार्यालय तक सड़क पूरी तरह से कीचड़ में तब्दील हो गई है। इस रोड पर आवागमन करना मजबूरी हो गई है। जिला प्रशासन की तरफ से बिल्कुल भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
महेन्द्र प्रसाद गोंड़, रामगढ़। इस रोड पर कोचिग करने वाले छात्र आए दिन गिरते देखे जा सकते हैं। इस मार्ग पर हमेशा पानी भरा होने के कारण व्यापारियों के साथ आम नागरिकों को भी आवागमन करने में दिक्कतें होती है।
निजामुद्दीन, रामगढ़। सड़क तो बना दी गई लेकिन, नाली के पानी की निकासी के लिए कोई भी व्यवस्था नहीं की गई है। बरसात के मौसम में घुटने भर तक पानी लगा रहता है, जो दुकानों में भी घुस जाता है। इससे दुकानदारों को काफी नुकसान उठाना पड़ता है।
-वसीर अली, रामगढ़। रामगढ़ ब्लाक रोड की हालत अत्यंत दयनीय हो चुकी है। जिसका अच्छा खासा प्रभाव व्यापार पर पड़ रहा है। कीचड़ के चलते ग्राहक जल्दी दुकान पर आना नहीं चाहते हैं। इससे दुकानदारी प्रभावित होती है।
-गिरधारी बिद, रामगढ़। बीते कई वर्षों से सड़क की सुध लेने वाला कोई नहीं है। अधिकारियों की तरफ से सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। जबकि विकास खंड समेत अन्य कार्यालयों पर जिले के आला अधिकारियों का आना जाना लगा रहता है।
-दिनेश पटेल, रामगढ़। ब्लॉक रोड पर हमेशा कीचड़, जलजमाव से संक्रामक रोग व मच्छरों का डेरा रहता है। इससे लोग गंभीर बीमारियों से ग्रसित हो जाते हैं।। हम लोगों की सुधि लेने वाला कोई नहीं है।
-राजाराम भारती, रामगढ़। मुख्य मार्ग से सटा रामगढ़ ब्लॉक रोड पर व्यापार का अच्छा स्कोप है। इसके बावजूद व्यापार को ऊंचाइयों पर हम लोग सड़क की दुर्दशा के चलते नहीं ले जा पा रहे हैं।
-फैज वारिस, रामगढ़। सड़क पर हमेशा पानी भरा रहता है। वर्ष भर जल जमाव की समस्याओं से जूझना पड़ता है। कई बार इसकी शिकायत जनप्रतिनिधियों के साथ ही संबंधित अधिकारियों से की जाती है लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जाता है।
-रंजीत पटेल, रामगढ़। इस रोड पर कई कोचिग सेंटर के साथ ही सरकारी कार्यालय है। इसी रास्ते से अधिकारियों का आवागमन होता है। बावजूद इस सड़क पर किसी की भी नजर नहीं पड़ रही है।
-आमेर अली, रामगढ़।