बायोमीट्रिक मशीन से हो मजदूरों की उपस्थिति
अनपरा तापीय परियोजना में कार्यरत संविदा श्रमिकों की मूलभूत समस्याओं के निकारण को लेकर ठेका मजदूर यूनियन ने शनिवार को परियोजना प्रबंधन से मिलकर समस्याओं को अवगत कराते हुए पत्रक सौपा।
जासं, अनपरा (सोनभद्र) : अनपरा तापीय परियोजना में कार्यरत संविदा श्रमिकों की मूलभूत समस्याओं के निराकरण को लेकर ठेका मजदूर यूनियन ने शनिवार को परियोजना प्रबंधन से मिलकर समस्याओं को अवगत कराते हुए पत्रक सौंपा। मजदूर यूनियन के श्रम बंधु दिनकर कपूर ने कहा कि परियोजना में कार्यरत मजदूरों की स्थिति दयनीय है। कई माह से वेतन भुगतान नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि लेबर सप्लाई के नाम पर गैंग गेटपास बनाकर मजदूरों से काम कराया जा रहा है। मजदूरों की जीवन सुरक्षा के लिए सुरक्षा उपकरण हर हाल में मुहैया कराया जाए। मजदूरों की उपस्थिति बायोमीट्रिक मशीन से लगायी जाए। श्रमिकों को न्यूनतम मजदूरी भुगतान सुनिश्चित करने के लिए प्रबंधन मजदूरों के खाते में भुगतान जमा कराए। दीपावली का बोनस अभी तक मजदूरों को नहीं मिला उसे अविलंब मुहैया कराया जाए। एक ही स्थान पर पांच वर्षो से ज्यादा कार्यरत मजदूरों का नियमितिकरण किया जाए। साथ ही उन्हें ग्रेच्यूटी लाभ दिया जाय। गत वर्षो दुर्घटना में मृतक हुए परवेज की पत्नी को संविदा पर नौकरी दी जाए। ठेका मजदूरों को ईएसआई के तहत पंजीकृत कर समुचित लाभ दिया जाए। परियोजना में सुरक्षा अधिकारी की नियुक्ति कर मानकों का नियमानुसार अवलोकन किया जाए। यूनियन से जुड़े पदाधिकारियों ने परियोजना के जीएम (कल्याण) आकांक्षा राव एवं पीआरओ कर मेंदर कुमार को ज्ञापन सौपा। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष तेजधारी गुप्ता, हकीक अली शाह, अशोक कुमार, विनोद यादव, गोविन्द प्रजापति आदि उपस्थित रहे।