अश्विनी के शतकीय पारी से भदोही ने जीता मैच
ओबरा आंबेडकर स्टेडियम में चल रहे 19वें सोनांचल कप क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन का मैच भदोही क्लब और रांची एकेडमी क्लब के बीच खेला गया।
जासं, ओबरा (सोनभद्र) : आंबेडकर स्टेडियम में चल रहे 19वें सोनांचल कप क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन का मैच भदोही क्लब और रांची एकेडमी के बीच खेला गया। टास जीतकर भदोही ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। भदोही ने निर्धारित 20 ओवरों में अश्विनी सिंह के शतकीय पारी की बदौलत 205 रन बनाया। अश्विनी ने नौ छक्के और 11 चौकों की मदद से ताबड़तोड़ 118 रन बनाए। अश्विनी की बल्लेबाजी के आगे रांची के गेंदबाज कुछ नहीं कर पाए। अश्विनी को मैन आफ द मैच चुना गया। इसके अलावा संदीप भारती ने चार छक्के और एक चौके की मदद से 37 रन बनाए। रांची के आलोक शर्मा और विकास प्रजापति ने दो-दो विकेट प्राप्त किए। जवाब में उतरी रांची की टीम निर्धारित ओवर में छह विकेट खोकर 110 रन ही बना सकी। रांची की ओर से मिन्ग्रान्धा ने 32 तथा विकास प्रजापति ने 27 रन बनाये। भदोही के अश्विनी दुबे ने तीन और बबलू सिंह ने दो विकेट प्राप्त किया। भदोही ने 92 रनों से मैच जीत लिया। सोमवार को दूसरा मैच चोपन और रामगढ़ क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। चोपन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 195 रन बनाया। चोपन के आयुष ने नौ चौकों और तीन छक्के की मदद से 72 रन तथा आकाश ने छह चौके और दो छक्के की मदद से 49 रन बनाया। जवाब में उतरी रामगढ़ की 105 रन ही बना सकी। चोपन ने यह मैच 90 रनों से जीत लिया। इस दौरान प्रतियोगिता अध्यक्ष रमेश सिंह यादव, राजू यादव, कलीम खान, मुकेश तिवारी, केके पासवान आदि मौजूद थे।