विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनभद्र में शोरूम संचालक के अपहरण की कोशिश हुई नाकाम, अपह्रत को कार से फेंककर हुए फरार

By Prashant Kumar Shukla Edited By: Abhishek sharma
Published: Tue, 13 Oct 2026 11:27 AM (IST)

सोनभद्र के ओबरा में एक शोरूम संचालक रोहित कुमार का अपहरण करने का प्रयास किया गया। बदमाशों ने खुद को ...और पढ़ें

सोनभद्र में शोरूम संचालक के अपहरण की कोशिश नाकाम, चलती कार से फेंका गया।

सोनभद्र में शोरूम संचालक के अपहरण की कोशिश नाकाम, चलती कार से फेंका गया।

HighLights

  1. शोरूम संचालक रोहित कुमार के अपहरण का प्रयास।

  2. बदमाशों ने खुद को क्राइम ब्रांच का सदस्य बताया।

  3. रोहित के विरोध पर बदमाश उसे कार से फेंककर भागे।

जागरण संवाददाता, ओबरा (सोनभद्र)। नगर में सोमवार देर शाम टू व्हीलर शोरूम संचालक रोहि कुमार के अपहरण का प्रयास हुआ। शोरूम बंद कर घर लौट रहे रोहित को कार सवार कुछ लोगों ने पहले मोटरसाइकिल में पीछे से टक्कर मारी और फिर विरोध करने पर खुद को क्राइम ब्रांच का सदस्य बताते हुए थाना ले जाने के नाम पर जबरन कार में बैठा लिया।

इसके बाद बदमाश उसे लेकर नगर से बाहर की ओर जाने लगे। इस दौरान रोहित ने हिम्मत दिखाते हुए लगातार उनके चंगुल से निकलने का प्रयास किया। रोहित का आरोप है कि बदमाशों ने पिस्टल की मुठिया से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। आखिरकार विरोध से परेशान होकर बदमाश उसे बिल्ली चढ़ाई के पास कार से नीचे फेंककर फरार हो गए।

घटना से नगर में दहशत का माहौल है। पीड़ित का डिग्री कालेज-शारदा मंदिर मार्ग पर स्थित टीवीएस शोरूम है। वह वहीं से लौट रहा था। बिल्ली पोखरा के पास पहुंचा ही था कि कार सवार कुछ लोगों ने उनकी मोटरसाइकिल में पीछे से टक्कर मारा, फिर अपहरण का प्रयास किया।

चलती कार में बदमाशों से भिड़ता रहा पीड़ित
पीड़ित रोहित कुमार के मुताबिक कार में जबरन बैठाए जाने के बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी और बदमाशों के चंगुल से निकलने के लिए संघर्ष करते रहे। उन्होंने कई बार चलती कार का स्टेयरिंग घुमाने के साथ हैंडब्रेक लगाने का प्रयास किया। इससे कार सवार लोग परेशान हो गए और उस पर हमला किया। घटना के बाद रोहित ने स्वजन को इसकी जानकारी दी।

मौके पर पहुंचे स्वजन उन्हें लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना से अवगत कराया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमलावरों के पास पिस्टल भी थी। देर शाम हुई इस वारदात में अपहरण की कोशिश और हथियार के इस्तेमाल के आरोपों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने देर रात पीड़ित का मेडिकल कराने के बाद अज्ञात पांच बदमाशों के खिलाफ अपहरण की कोशिश और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरु कर दी है।