एएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
अपर पुलिस अधीक्षक नक्सल अभयकांत त्रिपाठी ने बुधवार को तहसील मुख्यालय के महिला सुरक्षा को लेकर तमाम संवेदनशील गलियों का पैदल भ्रमण कर जायजा लिया।
जासं, दुद्धी (सोनभद्र) : अपर पुलिस अधीक्षक नक्सल अभयकांत त्रिपाठी ने बुधवार को तहसील मुख्यालय के महिला सुरक्षा को लेकर तमाम संवेदनशील गलियों का पैदल भ्रमण कर जायजा लिया। करीब दो घंटे के भ्रमण के बाद वे मातहतों को उनके कर्तव्यों का बोध कराते हुए जमीनी तौर पर उसका अनुपालन कराने का सख्त निर्देश दिया।
बुधवार को दोपहर में पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक नक्सल श्री त्रिपाठी नगर में महिला सुरक्षा के लिए संवेदनशील बताये गए गलियों में पैदल भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। कुछ प्वाइंटों को चिह्नित करने के बाद मातहत अधिकारियों को दिशा निर्देश भी देते हुए वे महाविद्यालय पहुंचे। वहां छात्राओं से उनकी समस्याओं एवं आने जाने में होने वाली परेशानियों के बारे में जानकारी ली। इसके पश्चात कोतवाली में वे मातहतों को जमकर क्लास लेते हुए उन्हें उनके अधिकारों के साथ कर्तव्यों का सरल शब्दों में बोध कराया। दो टूक शब्दों में निर्देशित किया कि उनके लिए छोटी सी छोटी सूचना भी महत्वपूर्ण है। सूचना के बाद उसे अटेंड करना उनका दायित्व है। यह आवश्यक नहीं है कि हम अपराध होने के बाद ही घटना स्थल पर पहुंचे। हमारी सजगता अपराध हो ही न पाए। यह हमारी कोशिश होनी चाहिए। इस मौके पर पुलिस क्षेत्राधिकारी संजय कुमार वर्मा, कोतवाल अशोक सिंह, अपराध निरीक्षक सत्यप्रकाश यादव समेत सभी उपनिरीक्षक, सिपाही उपस्थित रहे।