विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड से बेंगलुरु के लिए भेजे गए करीब 1.63 करोड़ रुपये के एल्यूमिनियम महाराष्‍ट्र से बरामद

By mukesh srivastava Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 27 Nov 2026 05:27 PM (GMT+05:30)

हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड से बेंगलुरु भेजे गए 1.63 करोड़ रुपये के एल्यूमिनियम चोरी मामले का पिपरी पुलिस ने 15 दिन में पर्दाफाश किया। पुलिस ने महाराष्ट्र से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर 34.850 टन एल्यूमिनियम और ट्रक बरामद किया।

हिंडाल्को एल्यूमिनियम चोरी का पर्दाफाश, 1.63 करोड़ का माल महाराष्ट्र से बरामद।

हिंडाल्को एल्यूमिनियम चोरी का पर्दाफाश, 1.63 करोड़ का माल महाराष्ट्र से बरामद।

HighLights

  1. हिंडाल्को से चोरी 1.63 करोड़ का एल्यूमिनियम बरामद।

  2. पिपरी पुलिस ने महाराष्ट्र से दो आरोपितों को पकड़ा।

  3. चोरी हुए 34.850 टन एल्यूमिनियम और ट्रक भी मिला।

जागरण संवाददाता, रेणुकूट (सोनभद्र)। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड से बेंगलुरु के लिए भेजे गए करीब 1.63 करोड़ रुपये के एल्यूमिनियम गायब होने के मामले का पिपरी पुलिस ने महज 15 दिनों में पर्दाफाश कर दिया। पुलिस टीम ने महाराष्ट्र में दबिश देकर दो आरोपितों को गिरफ्तार करने के साथ ही चोरी किया गया 34.850 टन एल्यूमिनियम और उसके परिवहन में प्रयुक्त ट्रक भी बरामद कर लिया।

पुलिस की इस कार्रवाई से करोड़ों रुपये के माल की हेराफेरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पिपरी थाने में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान पुलिस ने वाहन की जीपीएस लोकेशन, ट्रांसपोर्ट से जुड़े लोगों के मोबाइल नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को आधार बनाकर जांच आगे बढ़ाई।

इसी क्रम में पुलिस टीम ने 24 नवंबर को महाराष्ट्र के नासिक जिले से सचिन अशोक शेलके (26) और नवनाथ अशोक शेलके (25) को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपितों को ट्रांजिट रिमांड पर 25 नवंबर को सोनभद्र लाया गया। पुलिस ने उनकी निशानदेही और विवेचना के आधार पर गायब किए गए पूरे माल की बरामदगी कर ली। बरामद एल्यूमिनियम का वजन 34.850 टन और अनुमानित कीमत करीब 1.63 करोड़ रुपये बताई गई है।

पिपरी थाना प्रभारी अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम को शुरुआत से ही मामले के पर्दाफाश और माल की बरामदगी के लिए लगाया गया था। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई छानबीन से पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर महाराष्ट्र में दबिश देकर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि चोरी गया पूरा एल्यूमिनियम और ट्रक बरामद कर लिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंडाल्को से एल्यूमिनियम लेकर ट्रकों के गायब होने के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। हरिद्वार के लिए भेजे गए 24.68 टन एल्यूमिनियम चोरी के मामले में पुलिस ने 20 हजार के इनामी मुकेश मुंडा को गिरफ्तार किया था। वहीं, लुधियाना के लिए भेजे गए 76 लाख रुपये के एल्यूमिनियम की शत-प्रतिशत बरामदगी कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया था। सितंबर 2024 में भी एल्यूमिनियम चोरी के मामले में दो आरोपित पकड़े गए थे।

ताजा मामले में 15 दिनों के भीतर करोड़ों के माल और ट्रक की शत-प्रतिशत बरामदगी पिपरी पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में एएसपी ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल और सीओ पिपरी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में हुई। टीम में थानाध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।