सोनभद्र में खाताधारकों को भनक तक नहीं, जमीन बंधक होने पर खुल रहा राज, बैंककर्मियों की मिलीभगत का आरोप
सोनभद्र के चोपन ब्लॉक में गरीब आदिवासियों के नाम पर किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण के जरिए वित्तीय धोखाधड़ी का गंभीर मामला सामने आया है। बैंक कर्मियों और बिचौलियों की मिलीभगत से आदिवासियों की जमीन के दस्तावेज का दुरुपयोग कर लाखों के कर्ज स्वीकृत किए जा रहे हैं, जिसकी जानकारी पीड़ितों को जमीन बंधक होने पर मिल रही है।

संगठित सिंडिकेट पर फर्जीवाड़े का आरोप, बैंक कर्मियों की मिलीभगत की आशंका।
HighLights
आदिवासियों के नाम पर किसान क्रेडिट कार्ड ऋण का बड़ा फर्जीवाड़ा।
बैंक कर्मियों और बिचौलियों की मिलीभगत से जमीनें बंधक रखी गईं।
पीड़ितों को अपनी जमीन बंधक होने पर कर्ज का पता चला।
जागरण संवाददाता, ओबरा (सोनभद्र)। चोपन ब्लाक के दुर्गम इलाकों में रहने वाले गरीब और अशिक्षित आदिवासियों की जमीन पर किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण के नाम पर कथित वित्तीय फर्जीवाड़े का मामला अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। शुरुआती पड़ताल में किसी एक व्यक्ति के बजाय यह एक संगठित सिंडिकेट की सक्रियता के संकेत मिले हैं।
आरोप है कि बैंक कर्मियों की मिलीभगत से आदिवासियों के जमीन संबंधी दस्तावेजों का दुरुपयोग कर उनके नाम पर लाखों रुपये का ऋण स्वीकृत कराया जा रहा है। एक बैंक अधिकारी ने नाम गोपनीय रखने की शर्त पर ओबरा, चोपन और डाला क्षेत्र के विभिन्न बैंकों में ऐसे सैकड़ों संदिग्ध प्रकरण होने की जानकारी दी है। आरोप है कि बिचौलिए सरकारी योजनाओं का लाभ, मनरेगा मजदूरी का भुगतान और आर्थिक मदद दिलाने का झांसा देकर आधार, बैंक खाते और जमीन के अभिलेख हासिल करते हैं।
बाद में इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर कथित कूटरचना कर केसीसी ऋण करा लिया जाता है। हैरानी यह कि जिनके नाम पर कर्ज दर्ज है, उन्हें इसकी जानकारी तक नहीं होती। जमीन की खतौनी बंधक होने या राजस्व संबंधी काम में अड़चन आने पर उन्हें कर्जदार होने का पता चलता है। आशंका है कि ऐसे कई पीड़ित अब भी अनजान हैं। इस पूरे प्रकरण ने बैंकिंग व्यवस्था की निगरानी, दस्तावेजों के सत्यापन और आदिवासियों की जमीन की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।