फाग प्रतियोगिता में जमकर उड़े अबीर-गुलाल
तहसील मुख्यालय पर परपंरागत होली पर्व की जीवंत रखने के लिए बुधवार को जय बजरंग अखाड़ा समिति के तत्वाधान में छठवे फाग प्रतियोगिता का आयोजन हुआ।
जागरण संवाददाता, दुद्धी (सोनभद्र) : तहसील मुख्यालय पर परपंरागत होली पर्व को जीवंत रखने के लिए बुधवार को जय बजरंग अखाड़ा समिति के तत्वावधान में छठवीं फाग प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। दोपहर बारह बजे ढोल हारमोनियम के साविधिक पूजन के बाद जेबीएस अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रहरि इसका शुभारंभ किया। इसके बाद देरशाम तक खजुरी, बीड़र, दुम्हान, रजखड़, महुली, दिघुल, अमवार, डूमरडीहा समेत दर्जन भर से अधिक गांवों से टोली बनाकर आये कलाकारों ने एक से बढ़कर एक फाग गीत की प्रस्तुति कर दुद्धी के समूचे वातावरण को होली के रंग से सराबोर कर दिया।
देरशाम तक चली इस प्रतियोगिता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रस्तुति देने वाले टीमों के कलाकारों को पहले ठंडई व रंग अबीर से सराबोर करने के बाद ही उनको छोड़ा जा रहा था। कार्यक्रम की प्रस्तुति देने वाले कलाकारों के साथ ही उसके टीम के सभी सदस्यों को सम्मानित करने का क्रम भी जेबीएस के साथ रामलीला कमेटी के लोगों द्वारा किया जा रहा था। इस बाबत कमेटी के अध्यक्ष दिनेश आढ़ती, धीरेंद्र कुमार ने बताया कि इस आयोजन के पीछे मूल उद्देश्य है कि डीजे की कानफाडू धून पर थिरकने वाले वर्तमान की युवा पीढ़ी को झाल, मजीरे, ढोल व हारमोनियम के महत्व को समझाया जा सके। परपंरागत होली को जिदा रखने के लिए जेबीएस के तत्वाधान में यह आयोजन किया जाता है। वहीं जेबीएस के महामंत्री सुरेंद्र गुप्ता एवं आलोक कुमार ने बताया कि इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली सभी टीमों को सम्मानित करने के साथ बेहतरीन प्रस्तुति देने वाले टीम को प्रथम, द्वितीय तृतीय पुरस्कार के रूप में नगद धनराशि देने का इंतजाम भी किया जाता है जिससे उनका उत्साह बना रहे। गुरमा जिला कारागार में भी खेली जाएगी होली
पटवध : जिला कारागार में भी गुरुवार को होली मनाई जाएगी। वर्ष 2018 से पूर्व होली का त्योहार मनाने की शुरुआत जेल प्रशासन द्वारा नहीं हो सका था। न ही होलिका दहन किया जाता था और न ही होली के गीत-संगीत का आयोजन होता था। जेल अधीक्षक मिजाजी लाल की अक्टूबर 2017 में कारागार में तैनाती के बाद गतवर्ष होलिका की स्थापना स्वयं अधीक्षक द्वारा पूर्ण पारम्परिक तरीके से होलिका दहन एवं अन्य कार्यक्रम कराए गए। बंदियों द्वारा इसमें बढ़-चढ़कर भाग लिया गया। उसी कड़ी में इस वर्ष भी होलिका की स्थापना व दहन एवं अन्य कार्यक्रम कराए जाएंगे।