सोनभद्र में सड़क धंसने से नाली में पलटा सरकारी राशन लदा ट्रक, मकान की दीवार में आई दरार
सोनभद्र के जवाहर नगर में सरकारी राशन से लदा एक ट्रक सड़क किनारे मिट्टी धंसने से नाली में पलट गया। हादसे में चालक सुरक्षित रहा, लेकिन पास के एक मकान की दीवार में दरार आ गई, और स्थानीय लोगों ने खराब सड़क व अतिक्रमण पर चिंता जताई।

सोनभद्र में सड़क धंसने से पलटा सरकारी राशन ट्रक, मकान की दीवार में आई दरार।
HighLights
सोनभद्र में सरकारी राशन लदा ट्रक नाली में पलटा।
सड़क किनारे मिट्टी धंसने से हुआ यह हादसा।
चालक सुरक्षित, पास के मकान की दीवार में दरार।
जागरण संवाददाता, बीना (सोनभद्र)। बीना चौकी क्षेत्र के ग्राम सभा घरसड़ी स्थित जवाहर नगर में रविवार दोपहर सरकारी राशन लदा ट्रक सड़क किनारे मिट्टी धंसने से अनियंत्रित होकर बड़ी नाली में पलट गया। हादसे में चालक सुरक्षित बच गया, जबकि पास स्थित रामप्रसाद के मकान की दीवार में दरार आ गई।
जानकारी के अनुसार, सोनभद्र से गेहूं लेकर ट्रक जवाहर नगर में रामयाद गौतम की सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पर राशन उतारने पहुंचा था। दुकान के पास रास्ता संकरा होने के कारण चालक संत कुमार ट्रक को पीछे कर रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे की मिट्टी धंस गई और ट्रक नाली में पलट गया।
सूचना पर बीना पुलिस चौकी प्रभारी घनश्याम तिवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने हाइड्रा मशीन की मदद से पलटे ट्रक को निकलवाने की व्यवस्था कराई। चालक के अनुसार, सड़क की मिट्टी धंसने से वाहन का संतुलन बिगड़ गया था। स्थानीय लोगों ने बताया कि शक्तिनगर-अनपरा फोरलेन से जवाहरनगर को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग का लंबे समय से समुचित निर्माण नहीं हुआ है।
सड़क की बदहाल स्थिति के साथ दोनों किनारों पर गोबर और अन्य सामान रखे जाने से रास्ता और संकरा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में लापरवाही और अतिक्रमण के कारण आवागमन में परेशानी हो रही है। उन्होंने मार्ग का उचित निर्माण कराने और अतिक्रमण हटवाने की मांग की है।